खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने सभी सरंपचों व ग्राम सचिव को दिए आदेश
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बाढ़ से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की तैयारी सरपंचों को करनी होगी। सरपंचों को अपने स्तर पर जेसीबी, मिट्टी से भरी थैलियां, रस्सी और बैटरियों जैसी सामग्री का इंतजाम करना होगा। इस संबंध में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने सभी सरपंचों और ग्राम सचिवों को लिखित में आदेश जारी कर दिए है।

प्रशासन ने पहाड़ों में हो रही बारिश से मारकंडा में बाढ़ आने की संभावना जताई है। बाढ़ की स्थिति में गांवों में बिजली, पानी और ठहरने की व्यवस्था भी सरपंचों को देखनी होगी। इस लेटर के जारी होते ही सरपंचों में नाराजगी देखी जा रही है।

मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ा

कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया है। सुबह करीब साढ़े 6 बजे तक नदी में करीब 21 हजार क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के काला अंब में रात हुई बारिश की वजह से मारकंडा का जलस्तर बढ़ा है। शाहाबाद में मारकंडा नदी का तटबंध सुरक्षित है। मारकंडा में 30 हजार क्यूसेक पानी आने तक खतरे की आशंका नहीं है, लेकिन पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से मारकंडा का जलस्तर बढ़ सकता है। साल 2023 में कुरुक्षेत्र, शाहाबाद और बाबैन में आई बाढ़ ने कई लोगों की जिंदगी लील ली थी।

3 गांवों में घुसा पानी, 500 एकड़ से ज्यादा फसल डूबी

शाहाबाद के धंतौड़ी, तंगौर और कठवा गांव में मारकंडा ओवरफ्लो हो गया। इस कारण तीनों गांव में पानी घुस गया। वहीं खेतों में पानी भरने से किसानों की 500 से ज्यादा एकड़ फसलें डूब गई। वहीं ग्रामीण प्रशासन पर इंतजाम नहीं करने आरोप लगा रहे हैं।

गांव तंगौर में 4 जगह से घुसा पानी

गांव की सड़कों और गलियों से मारकंडा का पानी पूरी स्पीड से चल रहा है। ग्रामीण अपने स्तर पर पानी रोकने की कोशिश कर रहे हैं। तंगौर गांव में 4 जगह से मारकंडा का पानी अंदर घुसा, जहां पर ग्रामीण उसे रोकने के लिए बंध लगा रहे हैं। हालांकि पहाड़ों पर बारिश हुई तो मारकंडा का जलस्तर और बढ़ जाएगा।

इन गांवों को भी खतरा

जलस्तर बढ़ने से मारकंडा से उससे सटे मलिकपुर, गुमटी, मुगल माजरा, कलसाना, अरुप नगर, बाजीगर कॉलोनी और मारकंडा कॉलोनी में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है। अगर बाढ़ आई तो सबसे पहले ये इलाके भी इफैक्टेड होंगे।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में एक्टिव हुआ मानसून, पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट

ये भी पढ़ें : यूट्यूब की मोस्ट पॉपुलर सिंगर लिस्ट में 7वें नंबर पर मासूम शर्मा