8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के चुनाव का ऐलान, चुनाव 26 मई को होंगे, 29 को आएंगे परिणाम
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब में एक बार फिर से सियासी पारा ऊपर चढ़ेगा। हालांकि मई में गर्मी चरम पर रहती है लेकिन इस बार नगर निकाय चुनाव की गर्मी इसे और भी ज्यादा बढ़ाने जा रही है। पंजाब में 8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के चुनाव का ऐलान हो गया है।
स्थानीय निकाय विभाग द्वारा पंजाब नगर निगम एक्ट, 1976 की धारा 7ए एवं पंजाब नगर निगम चुनाव एक्ट, 1911 की धारा 13-ए के अंतर्गत जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य चुनाव आयोग द्वारा राज्य में 8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों (कुल 105) के सदस्यों के चुनाव हेतु आम चुनाव करवाने के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई है।
कल से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार इन चुनावों के लिए उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 13 मई बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शुरू होगी तथा नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मई शनिवार होगी। ये नामांकन इस उद्देश्य के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में दाखिल किए जाएंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 18 मई सोमवार को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 19 मई मंगलवार दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। सभी नामांकन पत्रों के साथ शपथ पत्र संलग्न होना अनिवार्य होगा एवं अगर किसी उम्मीदवार को किसी राजनीतिक दल द्वारा प्रायोजित किया गया है तो संबंधित राजनीतिक दल का प्राधिकरण पत्र भी साथ देना होगा।
36 लाख से ज्यादा मतदाता लेंगे भाग
उम्मीदवारों के केवाईसी विवरण जिलों की वेबसाइटों पर अपलोड किए जाएंगे। चुनाव 26 मई मंगलवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक करवाए जाएंगे। मतदान के बाद मतों की गिनती 29 मई शुक्रवार को स्थापित मतगणना केंद्रों में की जाएगी। पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 36,72,932 है, जिनमें 18,98,990 पुरुष, 17,73,716 महिलाएं और 226 अन्य मतदाता शामिल हैं।इन चुनावों के लिए जिलों में 3977 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
नगर निगम के पद हेतु चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार के लिए आयोग द्वारा निर्धारित खर्च सीमा 4 लाख रुपये है, जबकि नगर परिषद वर्ग-क के लिए 3 लाख 60 हजार रुपये, वर्ग-कक के लिए 2 लाख 30 हजार रुपये, वर्ग-ककक के लिए 2 लाख रुपये तथा नगर पंचायत के लिए 1 लाख 40 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।चुनाव ड्यूटी पर लगभग 36 हजार चुनाव कर्मचारी तथा 35 हजार 500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही भाजपा : मान


