Punjab Crime News : पुलिस ने 702 जगह दी दबिश, 232 गिरफ्तार

0
158
Punjab Crime News : पुलिस ने 702 जगह दी दबिश, 232 गिरफ्तार
Punjab Crime News : पुलिस ने 702 जगह दी दबिश, 232 गिरफ्तार

अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पंजाब पुलिस की विशेष कार्रवाई जारी

Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब को पूरी तरह से अपराध व नशा मुक्त करने के लिए प्रदेश पुलिस ने दो विशेष अभियान चलाए हुए हैं। इन्हीं के तहत हर रोज पुलिस विशेष टीमों का गठन करके छापेमारी कर रही है और बड़ी संख्या में अपराधियों और नशा तस्करों को गिरफ्तार कर रही है। इसी के चलते गैंगस्टरां ते वार मुहिम के 25वें दिन, पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के साथियों से जुड़े पहचाने गए और मैप किए गए ठिकानों पर 702 छापेमारियां कीं।

इस दौरान पुलिस टीमों ने 232 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 3 हथियार बरामद किए। इसके साथ ही मुहिम की शुरूआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 9244 हो गई है। इसके अलावा 89 व्यक्तियों के खिलाफ रोकथाम कार्रवाई की गई, जबकि 165 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई के दौरान 7 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया है।

20 जनवरी को शुरू किया गया था अभियान

जानकारी के अनुसार गैंगस्टरां ते वार पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू की गई निर्णायक जंग 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। इसके तहत सभी जिलों की पुलिस टीमों द्वारा एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से पूरे राज्य में विशेष कार्रवाइयां की जा रही हैं। वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में जानकारी और अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना देने के लिए लोग गुप्त रूप से एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

नशीले पदार्थों सहित 96 तस्कर काबू

उल्लेखनीय है कि पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम युद्ध नशे विरुद्ध के 350वें दिन भी जारी रखते हुए आज 96 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 3.1 किलो हेरोइन, 7 किलो भुक्की, 640 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 58,050 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इससे मात्र 350 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 49,602 हो गई है। नशा छुड़ाने की मुहिम के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 41 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास के इलाज के लिए राजी किया है।

ये भी पढ़ें : Chandigarh Breaking News : 52 करोड़ रुपए से होंगे सतलुज और स्वां दरिया के तटबंध मजबूत : बैंस