वॉट्सऐप व अन्य सोशल मीडिया एप के जरिए भारत की खुफिया जानकारी भेज रहा था पाकिस्तान
Panipat News (आज समाज) पानीपत: हरियाणा के पानीपत से पुलिस ने एक पाकिस्तानी जासूस को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पकड़ा गया जासूस भारत की खुफिया जानकारी पाकिस्तान को भेजता था। वह सूचनाएं भेजने के लिए वॉट्सऐप व अन्य सोशल मीडिया एप का प्रयोग करता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले में कैराना के मोहल्ला बेगमपुरा निवासी नौमान इलाही के रूप में हुई है। वह पाकिस्तानी आतंकी इकबाल के संपर्क में था। आरोपी पानीपत में एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।

पुलिस ने उसके नंबर से हो रही संदिग्ध गतिविधि को ट्रेस करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पानीपत के कार्यकारी एसपी गंगाराम पूनिया ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरूआती जांच में जासूसी के आरोप सही मिले हैं। उसका पाकिस्तान में कुछ लोगों से संपर्क है, जिन्हें वह संवेदनशील और महत्वपूर्ण इन्फॉर्मेशन शेयर कर रहा था। उसके आतंकियों से संबंध होने को लेकर भी एसपी ने कहा कि इसकी जानकारी मिली है, जांच के बाद इस बारे में पुख्ता तौर पर कहा जा सकेगा।

कंबल फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था नौमान इलाही

प्राप्त जानकारी अनुसार नौमान इलाही की बहन जीनत की शादी पानीपत में हुई है। जो यहां हॉली कॉलोनी में रहती है। नौमान भी उसी के पास रह रहा था। पहले उसने सेक्टर 29 की एक फैक्ट्री में नौकरी की। फिर वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले रजनीश तिवारी नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया। रजनीश एक सिक्योरिटी एजेंसी चलाता है। उसके जरिए ही वह पानीपत की सेक्टर 29 स्थित एक कंबल फैक्ट्री में बतौर सिक्योरिटी गार्ड नौकरी करने लगा।

पाकिस्तान में इकबाल नाम के आतंकी के संपर्क में था नौमान

पुलिस जांच में नौमान इलाही के फोन नंबर से पाकिस्तान संपर्क होने की बात सामने आई। जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर जांच की गई। पुलिस ने जब उसके मोबाइल की जांच की तो पता चला कि वह पाकिस्तान में इकबाल नाम के आतंकी के संपर्क में था। उसे वह भारत की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भेज रहा था। हालांकि, उसने कैसी जानकारियां भेजीं, इसके बारे में पुलिस ने अभी खुलासा नहीं किया है।

ये भी पढ़ें : हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का इंस्टाग्राम अकाउंट बैन- कहा मेरे साथ गलत हो रहा