मुठभेड़ के बाद विदेश से संचालित किशन गिरोह के चार गुर्गे पकड़े
Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : अमृतसर पुलिस ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश से संचालित हो रही किशन गैंग के चार गुर्गों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। ये आरोपी हथियारों के साथ पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस ने इन्हें मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए बदमाशों का संबंध जंडियाला गुरु के अकाली पार्षद की हत्या से है।
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपियों का फतेहपुर के पास पीछा किया। इस दौरान, आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने पुलिस पार्टी पर गोलियां चलाईं। एसएचओ छेहरटा ने अपनी सर्विस बंदूक से जवाबी कार्रवाई की, जिससे गोपी के दाहिने पैर में चोट लग गई। आरोपी को तुरंत अमृतसर सिविल अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपियों से एक ग्लॉक 9 मिमी पिस्तौल बरामद हुई है।
शनिवार रात मारी थी गोली
कस्बा जंडियाला गुरु के अकाली पार्षद हरजिंदर सिंह बाहमण की शनिवार रात अज्ञात लोगों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हरजिंदर सिंह नगर काउंसिल जंडियाला गुरु की वार्ड नंबर दो से पार्षद थे। शनिवार रात वे छेहरटा इलाके में एक क्रार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान मुंह ढंक कर आए दो युवकों ने उनके ऊपर फायर कर दिए। उन्होंने तीन गोलियां चलाई जिसमें से एक पार्षद के सीने में लगी, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गए। लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। थाना छेहरटा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के तहत पार्षद पर हमला किया गया है। पार्षद को काफी समय से धमकी दी जा रही थी, जिसकी पुलिस में शिकायत भी की गई थी।
फिरोजपुर में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश काबू
एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने फिरोजपुर पुलिस के साथ संयुक्त आॅपरेशन में नाटा गैंग और आशीष चोपड़ा गैंग के बीच आपसी रंजिश के चलते ऋषभ और शालू के हत्या मामले में शामिल आशीष चोपड़ा गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी देते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान फिरोजपुर निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू और रमनदीप सिंह और फरीदकोट निवासी सोनू के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से तीन पिस्तौल के साथ-साथ सात जिंदा कारतूस और चार खोल भी बरामद किए हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab News Update : पंजाब के हर जिले में व्यापारी बोर्ड गठित होंगे