प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पत्नी के साथ एयरपोर्ट पर पीएम मोदी को किया रिसीव
PM Narendra Modi Israel Visit, (आज समाज), तेल अवीव: पीएम नरेंद्र मोदी इजराइल पहुंच गए है। एयरपोर्ट पर इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी दो दिन इजराइल में रहेंगे। आज पीएम मोदी इजराइल की संसद को भी संबोधित करेंगे। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इसके अलावा वे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी का दौरा करेंगे।
मोदी के इस दौरे पर भारत और इजराइल के हथियारों से जुड़ी डील पर बातचीत की संभावना है। इनमें ड्रोन और एंटी बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम शामिल हैं। आपको बता दें कि पीएम मोदी की बीते 9 साल में दूसरी इजराइल यात्रा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में इजराइल आए थे। इससे पहले नेतन्याहू ने रविवार को कहा था कि वे अपने प्रिय मित्र के इजराइल आने का इंतजार कर रहे हैं।
इजराइली अखबार ने पीएम मोदी के स्वागत में एक खास फ्रंट पेज छापा
इजराइली अखबार, द जेरूसलम पोस्ट ने पीएम मोदी के दौरे पर उनके स्वागत के लिए एक खास फ्रंट पेज छापा। फ्रंट पेज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ हिंदी में लिखा नमस्ते नजर आ रहा है। वहीं उसके बगल में हिब्रू भाषा में भी शालोम लिखा है, जिसका मतलब हेलो या नमस्ते है। इसका दूसरा अर्थ शांति भी होता है।
कल यहूदियों के नरसंहार से जुड़े स्मारक जाएंगे मोदी
दौरे के दूसरे दिन मोदी 26 फरवरी को इजराइल के ऐतिहासिक होलोकॉस्ट स्मारक यद वाशेम जाएंगे। यह स्मारक जर्मनी में हिटलर के नाजी शासन में मारे गए 60 लाख से अधिक यहूदियों की याद में बना है। इनमें करीब 15 लाख बच्चे भी शामिल थे। स्मारक परिसर में पीड़ितों के नामों, दस्तावेजों और ऐतिहासिक अभिलेखों का विशाल संग्रह है। यहां रखी बुक आॅफ नेम्स में लाखों पीड़ितों का विवरण दर्ज है। प्रधानमंत्री इन अभिलेखों का अवलोकन करेंगे और होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इजराइल के राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे पीएम मोदी
यद वाशेम के बाद प्रधानमंत्री मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे। बैठक में राजनीतिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय स्थिरता, पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
ये भी पढ़ें: आठवीं की पुस्तक में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार के चैप्टर पर सीजेआई नाराज


