• भारत का सबसे बड़ा दुश्मन दूसरे देशों पर निर्भरता

PM Addressed Public Meeting In Bhavnagar Gujarat, (आज समाज), गांधीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के भावनगर में आयोजित ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। साथ ही पीएम ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा, शिप हो या चिप, हमें सब भारत में ही तैयार करने होंगे।

जितनी निर्भरता कम होगी, हमें उतना ही फायदा होगा।

दूसरे देशों पर हमारी जितनी निर्भरता कम होगी, हमें उतना ही फायदा होगा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम भले गुजरात के भावनगर में हो रहा हो, लेकिन यह कार्यक्रम पूरे देश का है। पूरे भारत में हम कैसे समुद्र के जरिये समृद्ध बन सकते हैं, इस ओर जाने की हमारी क्या दिशा है, इसके लिए कार्यक्रम का केंद्र भावनगर को चुना गया है। यहां के लोग इसके लिए बधाई के पात्र हैं।

2047 तक विकसित होना है तो आत्मनिर्भर होना होगा

पीएम मोदी ने कहा, पूरी दुनिया में आज हमारा कोई दुश्मन नहीं है। हम विश्वबंधु की सोच से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने भारत का सबसे बड़ा दुश्मन देश की दूसरे देशों पर निर्भरता को बताया। पीएम ने कहा, इस दुश्मन को हमें एकजुट होकर, मिलकर मात देनी होगी। अगर हमें वर्ष 2047 तक विकसित होना है तो हमें आत्मनिर्भर होना ही होगा। प्रधानमंत्री ने कहा, हम दूसरे देशों पर जितने निर्भर होंगे, यह हमारी उतनी ही ज्यादा विफलता होगी। उन्होंने कहा, भारत दुनिया में सबसे बड़ी आबादी वाला देश है और विश्व में समृद्धि, स्थिरता एवं शांति के लिए हमें हर हालत में आत्मनिर्भर बनना होगा।

140 करोड़ जनता के भविष्य को दूसरों पर नहीं छोड़ सकते

पीएम ने कहा, भारत की जनसंख्या 140 करोड़ है और हम इतनी बड़ी आबादी के भविष्य को दूसरों पर नहीं छोड़ सकते। इसलिए हमें आत्मनिर्भर भारत बनना होगा। हर देशवासी का एक ही संकल्प होना चाहिए- चिप हो या शिप हमें ये भारत में ही बनाने होंगे। मोदी ने कहा, इसी सोच के साथ आज भारत ने समुद्री क्षेत्र में भी नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए देश के समुद्री क्षेत्र को मजबूती देने के लिए अब बड़े जहाजों को इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में मान्यता दे दी है। इस तरह हमें आत्मनिर्भर बनकर दुनिया के सामने मिसाल पेश करनी होगी।

कांग्रेस ने स्वतंत्रता के बाद से भारत के सामर्थ्य की अनदेखी की

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, इस विपक्षी पार्टी ने स्वतंत्रता के बाद से भारत के सामर्थ्य की अनदेखी की और इसी कारण छह से सात दशक में भी हमारा देश सफलता के उस मुकाम पर नहीं पहुंच पाया जिसके हम हकदार थे। पीएम ने इसकी सबसे बड़ी वजह कांग्रेस सरकार की नीतियों को बताया। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार की नीतियों ने देश के युवाओं का भविष्य खराब किया। इसके अलावा उसने देश को लाइसेंस कोटा राज में उलझाए रखा और साथ ही दुनिया के बाजार से देश को अलग-थलग रखा।

ये भी पढ़ें : PM Modi ने गुजरात में 34,200 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन व शिलान्यास किया