नौ साल बाद दोबारा इजरायल जाएंगे पीएम, वहां की संसद को करेंगे संबोधित, कई अहम समझौतों पर सहमति बनने की उम्मीद
PM Modi Israel visit (आज समाज), नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मोदी 25 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर इजरायल पहुंचेंगे। इस दो दिवसीय दौरे के दौरान दोनों देशों में कई अहम समझौतों पर बातचीत की पूरी संभावना है। भारतीय प्रधानमंत्री का नौ साल बाद यह इजरायल दौरा है। इस दौरान वह नेसेट (संसद) को संबोधित कर सकते हैं। पीएम मोदी नेतन्याहू और राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे। यह पीएम मोदी की इजरायल की दूसरी यात्रा होगी। पहली यात्रा जुलाई 2017 में हुई थी, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा यहूदी राष्ट्र की पहली यात्रा थी।
25 फरवरी को रवाना होंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 और 26 फरवरी को इजरायल के दौरे पर रहेंगे। इजराइल प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। इससे पहले रविवार (22 फरवरी) को पीएम मोदी ने बताया कि वह इजरायल की आगामी यात्रा के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात एक्स पर इजरायल पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के उस पोस्ट के जवाब में कही, जिसमें उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी बुधवार को इस्राइल आएंगे।
पीएम मोदी ने अपने रिप्लाई में लिखा- ‘धन्यवाद, मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नेतन्याहू। भारत और इजरायल के बीच के बंधन और हमारे द्विपक्षीय संबंधों की विविधता पर मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं। भारत इजरायल के साथ अटूट मित्रता को बहुत महत्व देता है, जो विश्वास, नवाचार और शांति एवं प्रगति के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है। अपनी आगामी इजरायल यात्रा के दौरान आपसे होने वाली चचार्ओं के लिए मैं उत्सुक हूं।’
बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर यह लिखा
इससे पहले बेंजामिन नेतन्याहू ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए पीएम मोदी के दौरे को लेकर जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘आज सुबह, हमारी कैबिनेट मीटिंग की शुरूआत में, मैंने अपने प्यारे दोस्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने वाले बुधवार को इस्राइल के ऐतिहासिक दौरे के बारे में बात की। इस्राइल और भारत के बीच का रिश्ता दो वैश्विक नेताओं के बीच एक मजबूत गठबंधन है। हम नवाचार, सुरक्षा और एक जैसे साझा रणनीतिक दृष्टिकोण में भागीदार हैं। हम सब मिलकर स्थिरता और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध राष्ट्रों का एक गठबंधन बना रहे हैं। एआई से लेकर क्षेत्रीय सहयोग तक, हमारी साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : मैदानी राज्यों में चढ़ने लगा पारा


