PM Modi To Address Nation In Evening, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि प्रधानमंत्री किस विषय पर देश की जनता को संबोधित करने वाले हैं, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि वह जीएसटी सुधारों पर देशवासियों से बात कर सकते हैं।
नवरात्रि की पूर्व संध्या पर संबोधन
पीएम का संबोधन नवरात्रि की पूर्व संध्या पर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा हाल ही में घोषित जीएसटी दर में कटौती के लागू होने से एक दिन पहले होने वाला है। आज दिन की शुरुआत में, पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा, आप सभी को शुभ महालया की शुभकामनाएं! जैसे-जैसे दुर्गा पूजा के पावन दिन नजदीक आ रहे हैं, हमारी ज़िंदगी रोशनी और मकसद से भरी हो। मां दुर्गा के आशीर्वाद से हमें अटूट शक्ति, स्थायी खुशी और उत्तम स्वास्थ्य मिले।
पहले नवरात्रे से देश में लागू होने वाले हैं जीएसटी सुधार
गौरतलब है कि नवरात्रे 22 सितंबर यानि कल सोमवार से शुरू होने वाले हैं और कल ही से मतलब पहले नवरात्रे से देश में जीएसटी सुधार 2.0 लागू होने हैं, इसलिए लगता है पीएम इसी विषय पर देशवासियों को संबोधित करने वाले हैं। नई जीएसटी दरों के लागू होने से कई उपभोक्ता उत्पादों की कीमतें कम हो जाएंगी। हालांकि इस बारे में आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पीएम आज शाम किस विषय पर देश के लोगों से बात करने वाले हैं।
आम लोग और बाजार लगा रहे अनुमान
आम लोग और बाजार इस बारे में अनुमान लगा रहे हैं कि क्या घोषणाएं हो सकती हैं। जानकारों को इस पर स्पष्टता का बेसब्री से इंतजार है कि पीएम किस विषय पर देश के लोगों को संबोधित करेंगे। क्योंकि यह संबोधन त्योहारों के मौसम से पहले महत्वपूर्ण आर्थिक और सामाजिक उपायों पर हो सकता है। नई जीएसटी दरें, जिनसे कई उपभोक्ता उत्पादों की कीमतें कम हो जाएंगी, सोमवार 22 सितंबर से लागू होंगी।
ये भी पढ़ें : PM Modi Bhavnagar Visit Live: शिप हो या चिप, हमें सब भारत में ही तैयार करने होंगे