PM Modi Mann Ki Baat: डिजिटल फ्रॉड से रहें सतर्क, न बनें धोखाधड़ी का शिकार, बदलते रहें बैंक पासवर्ड

0
125
PM Modi Mann Ki Baat
PM Modi Mann Ki Baat: डिजिटल फ्रॉड से सावधान रहें लोग, न बनें धोखाधड़ी का शिकार, बदलते रहें बैंक अकाउंट पासवड

PM Modi Mann Ki Baat, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में आज डिजिटल अरेस्ट स्कैम पर भी बात की। उन्होंने इस धोखाधड़ी को लेकर गहरी चिंता जताई और लोगों से अलर्ट रहने को कहा। ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, देश के लोगों से सावधान रहने तथा कस्टमर डिटेल्स वेरिफाई करने के लिए नो योर कस्टमर(केवाईसी) का इस्तेमाल करने की सलाह दी।

केवाईसी : मैसेज या कॉल आने पर रहें सावधान 

प्रधानमंत्री ने कहा, डिजिटल अरेस्ट और डिजिटल फ्रॉड को लेकर समाज में काफी जागरूकता आई है, लेकिन फिर भी अभी ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने लोगों से कहा, आप सभी नो योर कस्टमर यानी केवाईसी के प्रोसेस से परिचित होंगे। उन्होंने केवाईसी अपडेट से जुड़े मैसेज या कॉल आने पर सावधान रहने की अहमियत पर जोर दिया।

समय-समय पर री-केवाईसी करते हैं बैंक

पीएम मोदी ने कहा, जब आपको अपने बैंक से केवाईसी अपडेट करने या री-केवाईसी करने के लिए मैसेज मिलते हैं, तो आपके मन में सवाल आता है – मैंने तो पहले ही केवाईसी कर लिया है, फिर यह क्यों? उन्होंने कहा, मैं आपसे रिक्वेस्ट करता हूं कि परेशान न हों, यह केवल आपके पैसे की सुरक्षा के लिए है। हम सभी जानते हैं कि आजकल पेंशन, सब्सिडी, इंश्योरेंस, यूपीआई, सब कुछ बैंक अकाउंट से जुड़ा हुआ है। इसीलिए बैंक समय-समय पर री-केवाईसी करते हैं ताकि यह पक्का हो सके कि आपका बैंक अकाउंट सुरक्षित रहे।

खाना व कपड़े बदलने की तरह बदलते रहें पासवर्ड

प्रधानमंत्री ने कहा, हां, यहां भी, आपको एक बात याद रखनी होगी, क्रिमिनल फर्जी कॉल करते हैं, एसएमएस और लिंक भेजते हैं। इसलिए, हमें सावधान रहना चाहिए और ऐसे धोखेबाजों का शिकार नहीं होना चाहिए। केवाईसी या री-केवाईसी सिर्फ आपकी बैंक ब्रांच, आॅफिशियल ऐप और आथराइज्ड माध्यम से ही किया जाना चाहिए। ओटीपी, आधार नंबर या बैंक अकाउंट की जानकारी किसी के साथ शेयर न करें। और सबसे जरूरी बात, समय-समय पर अपना पासवर्ड बदलते रहें। जैसे हर मौसम के साथ खाना और कपड़े बदलते हैं, वैसे ही हर कुछ दिन में अपना पासवर्ड बदलने का नियम बनाएं।

आरबीआई फाइनेंशियल लिटरेसी वीक का जिक्र 

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय रिजर्व बैंक के फाइनेंशियल लिटरेसी वीक पर रोशनी डाली और फाइनेंशियल अवेयरनेस के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि हाल ही में आरबीआई ने इन्हीं विषयों पर एक फाइनेंशियल लिटरेसी वीक आयोजित किया था। यह फाइनेंशियल लिटरेसी कैंपेन अब पूरे साल चलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, इसलिए, आरबीआई के मैसेज पर ध्यान दें और अपना केवाईसी अपडेट रखें।

8,189 करोड़ रुपए सफलतापूर्वक बचाए : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसी फरवरी की शुरुआत में कहा था कि 361,000 साइबर फ्रॉड की शिकायतों के जरिए, सरकार ने 8,189 करोड़ रुपए सफलतापूर्वक बचाए हैं, जो एक बड़ी कामयाबी है। उन्होंने कहा कि अनुमान के मुताबिक, फ्रॉड की कुल रकम लगभग 20,000 करोड़ रुपए थी, जिसमें से हमने 8,189 करोड़ रुपए पीड़ितों को फ्रीज कर दिए या वापस किए हैं। उन्होंने इस कामयाबी के लिए 14सी, सीबीर्आ और सभी संबंधित संगठनों को बधाई दी।

 दिसंबर 2025 तक 12 लाख संदिग्ध सिम कार्ड कैंसिल

गृह मंत्री ने कहा कि जब भी साइबर फ्रॉड की शिकायत आती है, तो पहला स्वाभाविक सवाल यह पूछा जाता है कि सरकार इस बारे में क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 तक, गृह मंत्रालय ने 12 लाख से ज्यादा संदिग्ध सिम कार्ड कैंसिल कर दिए हैं और 3 लाख से ज्यादा मोबाइल डिवाइस के आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक साइबर क्राइम के मामलों में 20,853 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ये भी पढ़ें : PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री ने रेडियो कार्यक्रम में किया एआई समिट का जिक्र