PM Modi Bihar Visit, (आज समाज), पटना: बिहार में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में आज एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के दौरे पर पहुंचे और उन्होंने पूर्व सीएम लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के साथ ही कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। बता दें कि इस साल के अंत में राज्य में विधानसभा चुनाव होेने हैं।

युवाओं को रोजगार देने की सोच भी नहीं सकता आरजेडी

पीएम बिहार के मोतिहारी में राज्य को 7217 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन (Congress-RJD alliance) पर निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों पर छोटे तबके के लोगों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि आरजेडी युवाओं को रोजगार देने के बारे में सोच भी नहीं सकती क्योंकि पार्टी ने नौकरी देने से पहले गरीबों की जमीन हड़प ली।

बिहार की उपेक्षा व गतिरोध के लिए कांग्रेस-आरजेडी जिम्मेदार

पीएम मोदी ने बिहार की उपेक्षा और गतिरोध के लिए कांग्रेस और आरजेडी दोनों को जिम्मेदार ठहराया। जनसभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने एक नया नारा भी दिया। ‘बनाएंगे नया बिहार, फिर एक बार एनडीए सरकार’। इस नारे ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही भीड़ में भी जोश भर दिया।

आपरेशन सिंदूर का जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने बिहार की धरती से आपरेशन सिंदूर का संकल्प लिया था और कहा कि दुनिया ने इसकी सफलता देखी है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में आरजेडी-कांग्रेस शासन के दौरान विकास में भारी अंतर था। इन दोनों दलों ने कभी गरीबों की भलाई के बारे में नहीं सोचा। इसके विपरीत उन्होंने गरीबों और सामाजिक रूप से हाशिए पर पड़े लोगों के नाम पर केवल राजनीति की है।

पीएम ने युवाओं के लिए और अधिक अवसरों का वादा किया

प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए और अधिक अवसरों का वादा किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश भर में युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए 1 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वी भारत के समग्र विकास के लिए ‘विकसित बिहार’ महत्वपूर्ण है और एनडीए राज्य के समग्र विकास के लिए चिंतित है।

कुल 1.5 करोड़ ‘लखपति दीदियों’ में से 20 लाख बिहार से

पीएम ने कहा, पिछले 45 दिन में सरकार ने बिहार में 24,000 स्वयं सहायता समूहों को 1,000 करोड़ रुपए जारी किए हैं। देश में कुल 1.5 करोड़ ‘लखपति दीदियों’ में से 20 लाख राज्य से हैं। मोदी ने यह भी कहा, चंपारण ने देश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्टÑपिता महात्मा गांधी के आंदोलन को एक नई दिशा दी थी। उन्होंने साथ ही कहा कि हमें मोतिहारी को मुंबई की तर्ज पर विकसित करना है।

यह भी पढ़ें: Election Commission: बिहार में कई जगह मतदाता सूची में दर्ज 5.76 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम