• डिप्टी स्पीकर ने रिबन काट कर की अभियान की शुरूआत
  • अभियान के तहत महिलाओं एवं बच्चों का दी जा रही है चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं

Jind News(आज समाज) जींद। हरियाणा विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी लम्बी उम्र की कामना करते हुए नगर का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता अभियान, गऊओं का चारा खिलाना, गरीब व्यक्ति को वस्त्र बांटना आदि सामाजिक परोपकार के कार्य कर रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई है और देश अब विश्व भर में अपने आत्मनिर्भरता, समृद्धि और विकास के लिए जाना जाता है।

उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करना

उनके जन्मदिन के अवसर पर विदेशों से भी उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं। जो यह साबित करता है कि उनके नेतृत्व का प्रभाव न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी महसूस किया जा रहा है। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा बुधवार को नागरिक अस्पताल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करना और उन्हें सही पोषण प्रदान करना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रारंभिक जांच को मजबूत करना, स्वास्थ्य सेवाओं तक अधिक पहुंच सुनिश्चित करना और रोकथाम पर विशेष ध्यान देना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

इसके तहत समाज के हर वर्ग को स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा दी जाएगी और परिवारों को सशक्त बनाने के लिए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण हैं बल्कि ये समाज में एकताए सहयोग और परोपकार की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लें और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक समृद्ध और स्वस्थ भारत बनाने में योगदान दें।

नागरिक अस्पताल में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर नागरिक अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में नागरिकों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। डिप्टी स्पीकर ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है। जो जीवन बचाने के साथ-साथ समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी फैलाता है। उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रशंसा पत्र देकर उनके योगदान को सम्मानित किया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण बहुत जरूरी

डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने नागरिक अस्पताल के परिसर में पौधारोपण किया और सभी को पर्यावरण के प्रति गरूक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने  कहा कि हमारे पर्यावरण का संरक्षण केवल हमारी जिम्मेदारी नही बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए भी यह एक कर्तव्य है। इसके साथ ही डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने भी पौधारोपण किया और जिले के नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं।

डिप्टी स्पीकर ने नए पेंशनधारकों को वितरित किए पेंशन प्रमाण पत्र

डिप्टी स्पीकर ने जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा बुजुर्गों को दी जाने वाली बुढ़ापा पैंशन के छह लाभर्थियों को प्रमाण पत्र दिया और कहा कि राज्य सरकार द्वारा बुजुर्गों के सम्मान में प्रत्येक माह तीन हजार रुपये सम्मान भत्ता के रूप में पैंशन दी जा रही है। इस अवसर पर डीसी मोहम्मद इमरान रजा, सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली, डिप्टी सीएमओ डा. पालेराम, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. गौरव पूनिया व स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

यह भी पढ़े : Jind News : राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा तथा भारत मुक्ति मोर्चा ने किया प्रदर्शन