स्थानीय निकाय मंत्री ने पर्यावरण सुरक्षा के लिए प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने की अपील की

Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़/ एसएएस नगर : पंजाब के स्थानीय निकाय और संसदीय मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण विभाग, पंजाब द्वारा आज इंडियन स्कूल आॅफ बिजनेस, मोहाली में आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने लोगों के सामने मौजूदा पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की और भगवंत सिंह सरकार द्वारा पंजाब को स्वच्छ और साफ वातावरण वाले सबसे स्वस्थ राज्यों में से एक बनाने के लिए समयबद्ध तरीके से इन्हें हल करने के लिए किए जा रहे संपूर्ण उपचारात्मक कार्यों पर प्रकाश डाला।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगाया प्रतिबंध

उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार ने पर्यावरण पर हानिकारक प्रभावों के कारण पहले ही राज्य में सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा दिया है, साथ ही इसके निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाया है। संबंधित विभागों/एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्लास्टिक रहित और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें और उन्हें बढ़ावा दें।

श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का पालन करें

उन्होंने राज्य के लोगों से श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का पालन करके अपने आसपास और पर्यावरण के सुधार के लिए अपने स्तर पर योगदान करने का आह्वान किया, जिन्होंने हमें ‘हवा’ की तुलना गुरु से, ‘पानी’ की पिता से और पृथ्वी की माता से करके प्रकृति का सम्मान और संरक्षण करने का उपदेश दिया। उन्होंने पंजाब के नागरिकों से पर्यावरण-अनुकूल जीवन शैली अपनाने और प्रकृति और इसके सभी गुणों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण रखने का भी आह्वान किया।

पौधरोपण करना और उनकी संभाल करना आज की जरूरत

समारोह का उद्घाटन करते हुए, डॉ. रवजोत सिंह ने राज्य में पौधरोपण के लिए जागरुकता अभियान शुरू करते हुए पौधे वितरित किए और लोगों से इस पवित्र कार्य में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण की रक्षा के लिए प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने को कहा। राज्य में पर्यावरण संतुलन के कार्यों के लिए उन्होंने संगठनों/विभागों को 8.10 करोड़ रुपये की राशि दी और पंजाब बायोटेक्नोलॉजी इंक्यूबेटर में दो महत्वपूर्ण अनुसंधान प्रयोगशालाओं का आॅनलाइन उद्घाटन किया गया।

ये भी पढ़ें : Punjab News : प्रदेश को बाढ़ मुक्त करना जरूरी : मान