सभी देवों के कोषाध्यक्ष हैं कुबेर देवता
Dhanteras Upaay, (आज समाज), नई दिल्ली: आज संपूर्ण भारत में धनतेरस का पर्व मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में कुबेर देव को धन के देवता के रूप में जाना जाता है। साथ ही वह सभी देवों के कोषाध्यक्ष भी हैं। ऐसे में आप धनतेरस या उसके आसपास इस खास पौधे को घर में लगा सकते हैं। जिससे आपको कुबेर देव की कृपा मिलती है और धन संबंधी समस्याओं से भी छुटकारा मिल सकता है।

आज हम बात कर रहे हैं क्रासुला के पौधे की। यह पौधा कुबेर देव को काफी प्रिय माना गया है। ऐसे में आप इस खास मौके पर घर में क्रासुला का पौधा लगा सकते हैं। जिससे आपको कुबेर देव की कृपा के साथ-साथ और भी कई लाभ मिल सकते हैं।

क्या है सही दिशा

धनतेरस या उसके आसपास घर में क्रासुला का पौधा लगाना बहुत ही शुभ माना गया है। वास्तु शास्त्र में माना गया है कि आप इस पौधे को घर की उत्तर दिशा में लगा सकते हैं, क्योंकि इस दिशा को कुबेर देव की दिशा माना जाता है। ऐसे में उत्तर दिशा में इस पौधे को लगाने से घर में धन-संपत्ति का आगमन होता है। इसके साथ ही इस पौधे को घर की दक्षिण-पश्चिम दिशा में भी रखा जा सकता है। ऐसा करने से जातक के लिए तरक्की के योग बनने लगते हैं।

मां लक्ष्मी की भी मिलती है कृपा

घर में क्रासुला का पौधा लगाने से साधक को कुबेर देव के साथ-साथ धन की देवी अर्थात मां लक्ष्मी की भी कृपा मिलती है। जिससे धन संबंधी समस्याओं से आपको छुटकारा मिल सकता है। क्रासुला को घर में रखने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है और नकारात्मक ऊर्जा में कमी आती है। ऐसे में धनतेरस के खास मौके पर इस पौधे को अपने घर जरूर लाएं।

ये पौधे भी हैं शुभ

धनतेरस के खास मौके पर आप शमी का पौधा भी अपने घर में लगा सकते हैं। यह पौधा भी अत्यंत शुभ माना गया है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, इस पौधे का संबंध भगवान शिव और शनिदेव से माना जाता है। ऐसे में अगर आप इसे घर की उत्तर या पूर्व दिशा में लगाते हैं, तो इससे सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और सुख-शांति का माहौल बना रहता है।