मुख्यमंत्री ने बुलाई दिल्ली सरकार व नगर निगम अधिकारियों की संयुक्त बैठक

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली में भाजपा सरकार चुनाव के समय किए गए वादों को जल्द से जल्द अमल में लाने की तैयारी में है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की जनता से जो वादे किए थे उनमें से एक था दिल्ली वासियों को स्वच्छ व साफ सुथरा वातावरण मुहैया कराना। अब दिल्ली सरकार इसी दिशा में बड़े कदम उठाने जा रही है। इसी के चलते दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में अगले 20 दिनों में युद्ध स्तर पर एक सफाई अभियान चलाया जाएगा।

पहली बार एक साथ बुलाई गई बैठक

इस संबंध में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ऐसा पहली बार हुआ है कि दिल्ली में तीन स्तरीय सरकार काम कर रही है। आज दिल्ली में पहली बार एक ही मंच पर एक संयुक्त बैठक बुलाई गई, जिसमें दिल्ली के सभी बड़े अधिकारी और नगर निगम के बड़े अधिकारी उपस्थित रहे। यह तीन स्तरीय सरकार 20 दिनों में दिल्ली में एक बड़ा बदलाव जनता को देखने को मिले, इस पर कार्रवाई कर रही है।

जलशोधन संयंत्रों का होगा थर्ड पार्टी आडिट

यमुना की स्वच्छता के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के जलशोधन संयंत्रों का थर्ड पार्टी आडिट कराने का आदेश दिया है। इससे संयंत्रों की गुणवत्ता और कार्यकुशलता की सही स्थिति का पता लगाया जा सकेगा। सीएम ने जल बोर्ड मुख्यालय का दौरा किया और यमुना सफाई से संबंधित एक्शन प्लान के संबंध में बैठक की। उन्होंने जल बोर्ड की कार्यप्रणाली, जलापूर्ति व सीवरेज सिस्टम को लेकर कई अहम निर्देश दिए। विभाग की ओर से टैंकर प्रबंधन, शिकायत निवारण प्रणाली और डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भी मौजूद रहे।

2028 तक सभी कॉलोनियों में होगा सीवर नेटवर्क

सीएम ने कहा कि दिल्ली को 21वीं सदी के अनुरूप जल प्रबंधन मॉडल की जरूरत है। तकनीक से हम जलशोधन व स्वच्छता के नए मापदंड स्थापित करेंगे। दिल्ली में 1226 अनधिकृत कॉलोनियों में सीवर लाइनों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है, जबकि 154 अनधिकृत कॉलोनियों में काम जारी है। साल 2028 तक राजधानी की सभी अनधिकृत कॉलोनियों को सीवर नेटवर्क से जोड़ दिया जाएगा। सभी हाउसहोल्ड को सीवर से जोड़ा जाएगा और स्थानीय स्तर पर सीवेज ट्रीटमेंट की व्यवस्था की जाएगी।

ये भी पढ़ें : Business News Hindi : एटीएम से निकासी अब हो गई महंगी