स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, अब तक 23 पॉजिटिव मिले

Delhi Corona Cases (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में कोरोना के केस तेजी से बढ़ना शुरू हो चुके हैं। इससे एक बार फिर से स्वास्थ्य एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ते केसों को देखते हुए एडवाइजरी जारी कर दी है। सभी अस्पतालों को बेड, आॅक्सीजन, वेंटिलेटर सहित दूसरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसमें अस्पताल परिसर में मास्क पहनने का परामर्श दिया गया है।

अभी तक 23 केस की हुई पुष्टि

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ कोविड-19 की मौजूदा स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की। दिल्ली में गुरुवार तक कोविड के 23 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। सरकार कोविड के वर्तमान पुष्ट मामलों के सत्यापन की प्रक्रिया में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह मरीज दिल्ली के हैं या बाहर से यात्रा कर आए हैं। बता दें कि एनसीआर में अब तक नौ संक्रमितों की जानकारी सामने आ चुकी है। इसमें गाजियाबाद में चार, गुरुग्राम में तीन और फरीदाबाद में दो संक्रमित हैं।

2020 में दिल्ली में मचा था कोहराम

ज्ञात रहे कि कोरोना की पहली लहर आने पर 2020-21 में राजधानी दिल्ली सहित पूरे भारत में कोहराम मच गया था। कोरोना से निपटने के लिए जरूरी प्रबंध करने में सरकार और स्वास्थ्य विभाग को पूरा जोर लगाना पड़ गया था। उस समय सबसे ज्यादा कमी आॅक्सीजन के सिलेंडर की सामने आई थी। जरूरत के अनुरूप सप्लाई न मिलने से हजारों लोगों ने दम तोड़ दिया था।

हालात है बने कि सरकार को लॉकडाउन लगाने की घोषणा करनी पड़ी थी। लेकिन इस बार हालात अलग हैं। सरकार पहले से पुख्ता तैयारी करने में जुट गई है। इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। दिल्ली के सभी अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों, डॉक्टरों और उनकी टीम के साथ समन्वय किया है। अस्पताल और स्वास्थ्य सुविधाओं को अलर्ट पर रखा गया है।

ये भी पढ़ें : Delhi News Update : दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 121 बांग्लादेशी पकड़े