कहा- देश की असली ताकत गरीब, श्रमिक और वंचित वर्ग
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश में होने वाली 3500 सरकारी भर्तियों में 605 पद डीएससी समाज के लिए रिजर्व किए गए है। इसके अलावा 604 पद अन्य अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। मुख्यमंत्री संत कबीर कुटीर पर प्रदेशभर से आए डीएससी (वंचित अनुसूचित जाति) समाज के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डीएससी समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया और डीएससी समाज के आरक्षण में वर्गीकरण को लागू करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को 11 जून को सिरसा में मनाई जाने वाली संत कबीर जयंती के लिए भी निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की असली ताकत गरीब, श्रमिक और वंचित वर्ग है। यही लोग अपने पसीने और मेहनत से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे बड़ा योगदान दे रहे हैं।
कांग्रेस ने जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 11 वर्षों में इन मेहनतकश वर्गों को जो सम्मान और अधिकार दिए हैं, वह कांग्रेस कभी नहीं दे पाई। कांग्रेस ने हमेशा अपने परिवार के हितों को प्राथमिकता दी और आम जनता, समाज और देश की चिंता नहीं की। कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहते हुए आम जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी की और अब जनता ने उन्हें शून्य पर लाकर खड़ा कर दिया है।
भारत ने वैश्विक मंच पर आत्मनिर्भर और सशक्त देश के रूप में एक पहचान बनाई
सीएम ने कहा बीते 11 वर्षों में नरेंद्र मोदी द्वारा गरीब के जीवन को सम्मान देने का कार्य लगातार किया जा रहा है, यही संविधान की सच्ची रक्षा है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर आत्मनिर्भर और सशक्त देश के रूप में एक नई पहचान बनाई है। आज भारत तेजी से बदल रहा है और देश के 140 करोड़ नागरिक इस परिवर्तन को अपनी आंखों से देख रहे हैं और महसूस भी कर रहे हैं। यही प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उभरता हुआ विकसित भारत है।
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : नशे में दी दिल्ली सीएम को मारने की धमकी, काबू
ये भी पढ़ें : हरियाणा में सताने लगी गर्मी, 9 शहरों का तापमान 40 डिग्री पार, कल से चलेंगी लू