कहा, सरकार मिशन मोड पर कर रही काम

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली में प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिल्ली सरकार की कवायद पर बोलते हुए दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के हेल्थ सिस्टम को सुधारने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा सुधारना हमारा प्रमुख लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बंद पड़े अस्पताल परिसरों को फिर से शुरू करने, मेडिकल स्टाफ को भर्ती करने और प्रत्येक अस्पताल को एक अलग चिकित्सा अधीक्षक करने पर काम किया गया है। इससे निगरानी व जवाबदेही को बेहतर बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देने वाले डॉक्टरों के समर्पण, निष्ठा और सेवाभाव का सम्मान किया गया।

चिकित्सकों को बताया भगवान का रूप

इस मौके पर सीएम ने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशेवर नहीं, बल्कि ईश्वर का प्रतिरूप हैं। जब जीवन की डोर कमजोर होती है, तब डॉक्टर ही वो हाथ होते हैं जो उसे थामे रखते हैं। इस देश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हमारे डॉक्टर हैं। उन्होंने डॉक्टरों को ईश्वर का दूत बताते हुए कहा कि कोविड जैसी आपात स्थितियों में डॉक्टरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवाएं दीं और बिना रुके, बिना थके, अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। चाहे दिन हो या रात, या कोई भी इमरजेंसी हो, डॉक्टर्स अपने मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं।

1500 नर्सों की स्थाई नियुक्ति की गई

सीएम ने कहा कि पहली बार 1500 नर्सों को स्थाई रूप से नियुक्ति की गई है। जो पिछले 15 वर्षों से लंबित थी। इसके अलावा पिछले 24 वर्षों से बंद पड़े अस्पताल परिसरों को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने कहा, स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी प्रमुख चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति की प्रक्रिया को गति दी जा रही है।

इसके अतिरिक्त, सभी अस्पतालों में जन औषधि केंद्र खोले जा रहे हैं, जिनमें से 17 पहले ही शुरू किए जा चुके हैं। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए वेटिंग एरिया, पीने के पानी और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं में भी व्यापक सुधार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : जीएसटी कलेक्शन में पंजाब का नया रिकॉर्ड