जून के अंत में मानसून दे सकता है हरियाणा में दस्तक
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज पूरे हरियाणा में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 5 जिलों में आज आंधी और बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जबकि, 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। जिन जिलों में बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है, इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। इन जिलों में तेज बारिश होगी और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की भी संभावना है।
वहीं, जिन जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी है, उसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, जींद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन हवाएं तेज चलेंगी। इसके बाद कल से मौसम साफ रहने की संभावना है।
कल से साफ हो जाएगा मौसम
हरियाणा में बीते कुछ दिनों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बुधवार से मौसम साफ हो जाएगा। इसके बाद तेज धूप के कारण उमस बढ़ेगी। जून के अंत में मानसून हरियाणा में दस्तक दे सकता है। प्री-मानसून में अच्छी बारिश के कारण हरियाणा में मानसून में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
पिछले साल के मुकाबले काफी ठंडा रहा नौतपा
वहीं, पिछले साल के आंकड़ों पर गौर करें तो इस बार नौतपा पिछले साल के मुकाबले काफी ठंडा रहा है। साल 2024 में नौतपा में तापमान 49 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि इस बार तापमान लगातार वर्षा से 35 डिग्री के आसपास बना रहा।