कहा, देश के विकास में बाधा डालने वाले स्पीड ब्रेकर हटाएं

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देश के विकास में बाधा डालने वाले स्पीड ब्रेकर को हटाना उनकी जिम्मेदारी है। विकसित भारत को प्राप्त करने का एकमात्र तरीका एक राष्ट्र, एक चुनाव है। चुनावों में खर्च होने वाली भारी मात्रा में धनराशि के बारे में बोलते हुए कहा कि लोगों को केवल एक बार ही अपना चुनाव करना चाहिए, साथ ही उन्होंने देश को प्रदर्शन करने का मौका देने के लिए नए सुधारों की वकालत की।

दिल्ली विश्वविद्यालय मैराथन में लिया भाग

दरअसल सीएम दिल्ली विश्वविद्यालय के एक स्टेडियम में बुधवार को रन फॉर वन नेशन वन इलेक्शन मैराथन में भाग लेने पहुंची थी। इस मैराथन में छात्रों के साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद समेत अन्य मंत्री-अधिकारी मौजूद रहे। सीएम रेखा ने एक्स पर पोस्ट कर तस्वीरें साझा कीं। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज छात्रों के साथ सहभागी होना एक अद्भुत अनुभव रहा। युवा छात्रों की ऊर्जा, राष्ट्र के प्रति समर्पण, और एक बेहतर लोकतंत्र की आकांक्षा ने गहराई से मन को छू लिया। यह केवल एक दौड़ नहीं है, यह एक सपना है।

अलग-अलग चुनाव पर खर्च होते हैं हजारों करोड़

दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हर बार चुनावों पर हजारों करोड़ रुपए खर्च होते हैं। पहले लोकसभा चुनाव हुए, उसके छह महीने बाद विधानसभा चुनाव हुए। हजारों सरकारी कर्मचारी, शिक्षक और स्कूल प्रबंधन सभी चुनाव कराने में व्यस्त रहते हैं।

सीएम ने आगे कहा कि लोगों को एक बार ही चुनाव करना चाहिए और विकास में बाधा डालने वाले गतिरोधकों को हटाना हमारी जिम्मेदारी है। हमें सुधार करने चाहिए और देश को बेहतर प्रदर्शन करने का मौका देना चाहिए। हम चाहते हैं कि देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। 2047 हमारे लिए बड़ा लक्ष्य है।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : नए केस में फंसे आप के वरिष्ठ नेता