Flash Flood in Balasore-Odisha, (आज समाज), भुवनेश्वर: ओडिशा के बालासोर जिले में सुवर्णरेखा नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण 50,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं। प्रशासन के मुताबिक बलियापाल, भोगराई, बस्ता और जलेश्वर अधिसूचित क्षेत्र परिषद (एनएसी) के तीन ब्लॉक में 17 ग्राम पंचायत क्षेत्र अचानक आई बाढ़ के कारण प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों बताया कि प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्यों जुट गया है।

जरूरत पड़ने पर लोगों को निकालने के लिए तैयार रहें अफसर

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ संभावित व निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने और स्थिति बिगड़ने पर नजदीकी चक्रवात आश्रयों में जाने के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। बालासोर के जिला कलेक्टर सूर्यवंशी मयूर विकास ने ब्लॉक विकास अधिकारियों (बीडीओ) और तहसीलदारों को निर्देश दिया कि यदि आवश्यक हो तो लोगों को निकालने के लिए तैयार रहें।

सूखे खाद्य पदार्थ वितरित करने के निर्देश

अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए कहा गया है। बीडीओ को प्रभावित लोगों के बीच सूखे खाद्य पदार्थों का वितरण करने के लिए भी कहा गया। मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) को आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने और स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधीक्षण अभियंता (सिंचाई) को चांडिल बांध के सभी गेटों की गहन जांच करने और सभी आवश्यक एहतियाती उपाय करते हुए जल स्तर की चौबीसों घंटे निगरानी करने के लिए कहा गया।

नागरिक आपूर्ति अधिकारी को दिए गए हैं ये निर्देश

नागरिक आपूर्ति अधिकारी (सीएसओ) को भोजन और आवश्यक आपूर्ति की तैयारी और पर्याप्तता की पुष्टि करने के लिए कहा गया। अधिकारी ने कहा कि सभी कर्मचारियों की छुट्टियां अगली सूचना तक रद्द कर दी गई हैं और सरकारी अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

सुवर्णरेखा का जलस्तर घटने की उम्मीद

जिला आपातकालीन कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि राजघाट में सुवर्णरेखा का जलस्तर घट रहा है, लेकिन यह अभी भी खतरे के निशान 10.36 मीटर के मुकाबले 11.9 मीटर पर बना हुआ है। अधिकारी ने कहा, उम्मीद है कि जलस्तर और घटेगा, क्योंकि झारखंड में नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में ज्यादा बारिश नहीं हुई है।” उन्होंने कहा कि स्वर्णरेखा नदी प्रणाली में मध्यम या बड़ी बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।

यह भी पढ़ें : 2023 Himachal Floods & Landslides: केंद्र ने प्रदेश को आवंटित किए 2000 करोड़