NXT Summit 2026: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले 30 से अधिक देशों के सांसद एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य

0
171
NXT Summit 2026
NXT Summit 2026: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले 30 से अधिक देशों के सांसद एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य

NXT Summit 2026, (आज समाज नेटवर्क), नई दिल्ली: आईटीवी नेटवर्क की एनएक्सटी पहल के तहत, ‘द संडे गार्डियन फाउंडेशन’ और ‘न्यूज एक्स’ के सहयोग दिल्ली स्थित ‘भारत मंडपम’ में आयोजित तीन दिवसीय एनएक्सटी कॉन्क्लेव-2026 का आज तीसरा और आखिरी दिन है। समिट के दूसरे दिन शुक्रवार को इसमें शिरकत कर रहे 30 से अधिक देशों के सांसदों एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने संसद भवन का भ्रमण किया, जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनसे मुलाकात की। एनएक्सटी के संस्थापक और सांसद कार्तिकेय शर्मा भी इस दौरान उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : NXT Conclave 2026: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेश किया ‘विकसित हरियाणा 2047’ के लिए अपना विजन

कॉन्क्लेव के प्रतिभागियों का संसद भवन में किया स्वागत 

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भारतीय संसद भवन का निकट से अवलोकन कर खुशी जाहिर की। साथ ही इमारत के स्वरूप, इसकी ऐतिहासिक विरासत व लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की गहरी प्रतिबद्धता की उन्होंने प्रशंसा की। ओम बिरला ने एनएक्सटी कॉन्क्लेव के प्रतिभागियों का संसद भवन में स्वागत करने के साथ ही उनसे संवाद किया तथा उनके सुखद, सफल, व सार्थक भारत प्रवास के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के संपर्क व संसदीय संवाद से अलग-अलग देशों के बीच सहयोग, आपसी समझ और लोकतांत्रिक मूल्यों की साझेदारी और मजबूत होगी। ओम बिरला और विदेशी मेहमानों के बीच संवाद के दौरान विभिन्न देशों की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं, संसदीय परंपराओं, सांस्कृतिक संबंधों व समकालीन वैश्विक मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।

महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रहा एनएक्सटी कॉन्क्लेव 

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2026 नीतिगत चर्चाओं, नवाचार और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा, वैश्विक संसदीय संवाद समकालीन चुनौतियों का समाधान करने और विभिन्न राष्ट्रों के बीच लोकतांत्रिक सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

लोकसभा अध्यक्ष ने की सांसद कार्तिकेय शर्मा की तारीफ

लोकसभा अध्यक्ष ने राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा की भी सराहना की, जिन्होंने इस पहल का नेतृत्व किया और इस एनएक्सटी कॉन्क्लेव को नीति निर्मार्ताओं तथा वैश्विक नेताओं के बीच चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित करने में मदद की। उन्होंने भारत की लोकतांत्रिक परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की संसद 1.4 अरब नागरिकों की आकांक्षाओं और विविधता का प्रतिनिधित्व करती है, जहां विभिन्न दृष्टिकोणों के बीच बहस और संवाद के माध्यम से नीतियां तैयार की जाती हैं।

शासन सुधारों में भारत की प्रगति पर भी प्रकाश डाला

बिरला ने कहा, ‘लोकतंत्र की जननी’ कहे जाने वाले भारत में आम सहमति बनाने और सहभागी निर्णय लेने की एक लंबी परंपरा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ने शासन सुधारों में भारत की प्रगति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी-आधारित प्रणालियों ने लोक प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही में काफी सुधार किया है। ओम बिरला ने कहा, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) और डिजिटल शासन मंचों जैसी पहलों ने सार्वजनिक सेवाओं के वितरण को सुव्यवस्थित करने और लीकेज (रिसाव) को कम करने में मदद की है। उन्होंने संसदीय कार्यप्रणाली में तकनीकी पहलों की ओर भी इशारा किया, जिनमें ‘डिजिटल संसद’ कार्यक्रम, बेहतर संसदीय अनुसंधान प्रणालियां और आधुनिक सूचना मंच शामिल हैं, जिनका उद्देश्य कार्यकुशलता और पारदर्शिता बढ़ाना है।

संसदीय कूटनीति पर जोर

संसदीय कूटनीति के महत्व पर जोर देते हुए लोकसभा स्पीकर ने कहा कि भारतीय संसद ने दुनिया भर की विधायिकाओं के साथ सहयोग और जुड़ाव को मजबूत करने के लिए 60 से अधिक ‘संसदीय मैत्री समूह’ गठित किए हैं। उन्होंने वैश्विक स्तर पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए सांसदों के बीच विचारों और अनुभवों के अधिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया।

कई हस्तियां एक मंच पर एकत्रित

नई दिल्ली में चल रहे एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2026 ने सांसदों, नीति निर्माताओं, उद्योगपतियों और वैश्विक विशेषज्ञों को एक मंच पर एकत्रित किया है, ताकि शासन, प्रौद्योगिकी और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में उभरते मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा सके।

ये भी पढ़ें : NXT Conclave 2026: चुनौतियों पर चर्चा करने व मिलकर हल खोजने को साथ आने वाला समुदाय बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध