- अभी नहीं राहत के आसार, भारी बारिश की संभावना
Northeast Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: पूर्वोत्तर राज्यों मेघालय, असम, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भी मानसून दस्तक दे चुका है और इसके प्रभाव से कुछ दिन से लगातार हो रही भारी बारिश ने उक्त राज्यों में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। सूत्रों के अनुसार विभिन्न घटनाओं में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों प्रभावित हुए हैं। बताया जा रहा है कि मई में क्षेत्र में इस तरह की बारिश कभी नहीं हुई।
कई उत्तर-पूर्वी राज्यों में रेड अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार (आईएमडी) के अनुसार आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर राज्यों में और अधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। कई उत्तर-पूर्वी राज्यों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मिजोरम में लगातार बारिश व भूस्खलन के कारण कई घर और होटल ढह गए हैं। सिक्किम के चुंगथांग और थेंग इलाकों में भारी बारिश व भूस्खलन तबाही मचाई है।
मिजोरम के लॉन्ग्टलाई में तीन बिल्डिंग ढहीं
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार देर रात मिजोरम के लॉन्ग्टलाई शहर में बारिश व भूस्खलने के कारण तीन बिल्डिंग धराशायी हो गर्इं। हादसे के बाद करीब 8 लोगों के फंसे होने की आंशका जताई गई है। दो घायल लोगों को निकाला गया है। इमारतों के अंदर से चीख पुकार की आवाजें सुनाई दे रही हैं। सीमित उपकरण व मूसलाधार बारिश बचाव के काम में बाधा बन रहे हैं।
असम के कामरूप जिले में 5 लोगों की मौत
सूत्रों ने बताया कि असम के कामरूप जिले में बीते 24 घंटों में भूस्खलने के कारण पांच लोगों की मौत हो गई और राज्य में बाढ़ से 10 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। त्रिपुरा व अरुणाचल में भी कई घर तबाह हो गए हैं, जिससे हजारों लोग बेघर हो गए हैं। कई जगह सड़कें बह गई हैं।
पहले 1990 में मई में सबसे ज्यादा बारिश हुई
मानसून इस दफा समय से पहले पहुंचा गया है और इसके बाद 30 मई तक पूर्वोत्तर में 116.6 मिमी मानसूनी बारिश दर्ज की गई है। मई में इतनी ज्यादा बारिश इससे पहले कभी नहीं हुई। 1990 में पूर्वोत्तर में मई में सबसे ज्यादा 110.7 मिमी बारिश हुई थी।
त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले सात दिन में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना जताई है। त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। साथ ही 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : Northeast Weather: असम, मेघालय और अरुणाचल में भी भारी बारिश, गुवाहाटी में सड़कें बनी तालाब