• अब भी भारी बारिश का अलर्ट

Flood Havoc In North India, (आज समाज), चंडीगढ़/शिमला: सितंबर शुरू हो गया है और इसके बावजूद अभी उत्तर भारत के पहाड़ों के साथ मैदानों में मानसूनी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। खासकर हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भारी बारिश, व बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में बहुत ज्यादा नुकसान हो रहा है। अब भी बारिश से राहत नहीं हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल व पंजाब के साथ ही हरियाणा में भी भारी बारिश का अलर्ट किया है। बांधों व बैराज से छोड़े जा रहे पानी के चलते हरियाणा के कई निचले इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।

पंजाब : 12 जिले बाढ़ की चपेट में, 29 लोगों की मौत

पंजाब के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक राज्य में जहां 29 लोग बाढ़ व वर्षाजनित हादसों का शिकार हो चुके हैं, वहीं कई मवेशी भी इस आपदा के कारण मौत का शिकार हो चुके हैं। साथ ही राज्य में 94061 हेक्टेयर फसल बाढ़ की चपेट में हैं। कई जगह 15-15 फीट तक पानी है और लोगों को खाने-पीने की दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है।पंजाब सरकार ने बड़े पैमाने पर बचाव एवं राहत का काम शुरू किया है। सरकार मानव के साथ पशुओं को भी बचाने का काम कर रही है। हजारों लोगों को राहत शिविरों में ठहराया गया है। कई सामाजिक संस्थाएं व निजी तौर पर भी व्यापारी और गायक राहत कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं।

हरियाणा : 6 जिलों में आज स्कूल बंद

हरियाणा में भी बारिश के कारण कई शहरों में हालात खराब हो चुके है। राज्य में नदी-नाले उफान पर हैं। यमुना और मारकंडा नदी उफान पर हैं। बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से आज प्रदेश के 6 जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए है। इन जिलों में पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, सिरसा, भिवानी व हिसार शामिल है। फरीदाबाद में यमुना नदी का पानी राजपुरा गांव के खेतों में भर गया है। खेतों के सभी रास्ते बंद हो गए हैं। करीब 50 एकड़ फसल में पानी भरा हुआ है। यहां एहतियातन करीब 200 मकानों को खाली करा लिया गया है।

7 जिलों में चेतावनी, 4 सितंबर से धीमा पड़ेगा मानसून

मौसम विभाग ने आज राज्य के 7 जिलों-पानीपत, हिसार, यमुनानगर, करनाल, जींद, झज्जर और चरखी दादरी में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। आज सुबह से ही इन जिलों में रूक-रूक कर बारिश हो रही है। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून ट्रफ उत्तर की तरफ होने और बंगाल की खाड़ी से आ रही बारिश के कारण हरियाणा में 2 और 3 सितंबर को बारिश जारी रहेगी। 4 सितंबर से मानसून धीमा पड़ेगा।

हिमाचल में 1300 सड़कें बंद, राज्य आपदा प्रभावित घोषित

हिमाचल में भी बीते कई दिन से मानसून ने कहर बरपा रखा है। बारिश, बाढ़ व भूस्खलन के कारण अब तक कई पशुओं की मौत हो चुकी है। वहीं सैकड़ों लोग राज्य में इन घटनाओं का शिकार बन चुके हैं। प्रदेश की सुक्खू सरकार ने सोमवार को प्रदेश को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया। पिछले सप्ताह संडे से प्रदेश में बारिश व लैंडस्लाइड का सिलसिला जारी है, जिसके कारण आम जनजीवन पूरी तरह बाधित है। मंगलवार सुबह 10 बजे तक राज्य में 1300 से ज्यादा सड़कें बंद रहीं, जिनमें 6 एनएच थे। इसके अलावा 3260 से ज्यादा बिजली ट्रांसफार्मर और 850 से अधिक जल आपूर्ति योजनाएं बाधित हैं। सैकड़ों गांवों में बिजली व पीने के पानी का संकट है। उत्तराखंड में मौसम की दुश्वारियों को देखते हुए कई जगह स्कूल बदं रखे गए हैं।

ये भी पढ़ें : Today Weather Update : उत्तर भारत में बारिश, बाढ़ का कहर जारी