कुछ दिन पहले 2 व्यापारियों पर की थी फायरिंग, आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस।
Yamunanagar News (आज समाज) यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस ने नोनी राणा गैंग से जुड़े एक बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ आज सुबह रटौली रोड पर हुई। मृतक बदमाश पर यमुनानगर के 2 व्यापारियों पर फायरिंग करने का आरोप था। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बदमाश रटौली से सुढैल रोड पर घूम रहा है। वह यहां किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाश ने पुलिस की टीम देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।

आजाद नगर का रहने वाला था भीम

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी कई राउंड फायर किए, जिसमें बदमाश ढेर हो गया। बदमाश की पहचान आजाद नगर निवासी भीम के रूप में हुई है, जो नोनी राणा गैंग से जुड़ा हुआ था। एनकाउंटर के बाद कमलदीप गोयल सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और तथ्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। बदमाश के शव को सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखवा दिया गया है।

भीम पर कई आपराधिक मामले थे दर्ज

भीम नोनी राणा गैंग का सक्रिय सदस्य था, जो यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों में हत्या, फिरौती और शराब के अवैध कारोबार जैसे अपराधों में शामिल था। भीम पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे।

यह भी पढ़े : हरियाणा में 1 अगस्त से नए कलेक्टर रेट पर ही होंगी रजिस्ट्रियां