Donald Trump: अमेरिका के अलावा कोई और देश ग्रीनलैंड की सुरक्षा नहीं कर सकता: डोनाल्ड ट्रम्प

0
603

कहा- ग्रीनलैंड चाहिए, लेकिन ताकत इस्तेमाल नहीं करेंगे, डेनमार्क एहसान फरामोश, सोमालिया मंदबुद्धि
Donald Trump, (आज समाज), नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ग्रीनलैंड पर कब्जे के प्लान को दुनिया के सामने सही ठहराया है। उन्होंने बुधवार को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में कहा कि ग्रीनलैंड की सुरक्षा अमेरिका के अलावा कोई और देश नहीं कर सकता। हालांकि पहली बार ट्रम्प ने यह कहा कि ग्रीनलैंड को हासिल करने के लिए अमेरिका ताकत का इस्तेमाल नहीं करेगा। इस पर कब्जे का विरोध करने के लिए उन्होंने डेनमार्क को अहसान फरामोश कहा।

उन्होंने शिकायती लहजे में कहा कि वे बस एक बर्फ का टुकड़ा चाहते हैं जिसे यूरोप देने को तैयार नहीं है। अमेरिका इसे हमेशा याद रखेगा। ट्रम्प ने कहा कि यूरोप गलत दिशा में जा रहा है। ट्रम्प ने फ्रांस, कनाडा जैसे देशों की भी आलोचना की। उन्होंने सोमालिया के लोगों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और कहा कि वे कम बुद्धि वाले और समुद्री डाकू हैं।

डेनमार्क अमेरिका के एहसान को भूल चुका

ट्रम्प ने कहा, दूसरे विश्व युद्ध में जब जर्मनी ने डेनमार्क पर कब्जा किया था, तब अमेरिका ने ही ग्रीनलैंड की सुरक्षा की थी। अमेरिका ने ग्रीनलैंड डेनमार्क को वापस कर दिया, यह अमेरिका की बड़ी गलती थी। डेनमार्क अमेरिका के एहसान को भूल चुका है और इसी वजह से वह उस पर नाराज हैं।

कनाडा को अमेरिका का आभारी होना चाहिए

कनाडा को अमेरिका से बहुत कुछ मुफ्त में मिलता है। उन्हें इसके लिए अमेरिका का आभारी होना चाहिए, लेकिन वह नहीं है। कनाडा, अमेरिका की वजह से ही टिका हुआ है। कनाडाई पीएम अगली बार बयान देते वक्त यह बात याद रखें।

अमेरिका और वेनेजुएला मिलकर तेल से करेंगे कमाई

अमेरिकी एक्शन के बाद वेनेजुएला को आगे चलकर बड़ा फायदा होने वाला है। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच 5 करोड़ बैरल तेल को लेकर समझौता हुआ है। अमेरिका अपनी बड़ी तेल कंपनियों को वेनेजुएला में लाएगा। दोनों देश मिलकर तेल से होने वाली कमाई को आपस में शेयर करेंगे।

यूरोप वही करे जो अमेरिका कर रहा

यूरोप के कई हिस्से अब पहले जैसे नहीं रहे, उन्हें पहचानना भी मुश्किल हो गया है। यूरोप की इमिग्रेशन पॉलिसी और आर्थिक नीतियां नाकाम हो चुकी हैं। आर्थिक मामलों में यूरोप को अमेरिका जैसा बनना चाहिए। यूरोप वही करे जो अमेरिका कर रहा।

मुझे शक, नाटो अमेरिका की मदद करेगा या नहीं

मुझे शक है कि जरूरत पड़ने पर नाटो अमेरिका की मदद करेगा या नहीं। अमेरिका हमेशा अपने सहयोगी देशों के साथ मजबूती से खड़ा रहता है। मुझे भरोसा नहीं है कि वे अमेरिका के लिए भी वैसा ही करेंगे।  रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध की जिम्मेदारी यूरोप की होनी चाहिए। अमेरिका यूक्रेन से बहुत दूर है। अमेरिका ने यूक्रेन को अरबों डॉलर दिए। दुनिया में युद्ध खत्म कराने के लिए मैंने बहुत काम किया। अमेरिका को यह सब करते हुए भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसमें बहुत मेहनत और पैसा लगा।

ये भी पढ़ें: लिव-इन में महिला तभी सुरक्षित, जब पत्नी मानें: मद्रास हाईकोर्ट