• 90 वर्ष की उम्र में कोकिलाबेन अस्पताल में ली थी अंतिम सांस

Nirmal Kapoor Passes Away, आज समाज, मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर और बोनी कपूर की मां निर्मल कपूर आज अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका शुक्रवार को मुंबई में निधन हो गया था। वह 90 वर्ष की थीं और मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली थी।

मालाओं और फूलों से सजाई गई थी एंबुलेंस

निर्मल कपूर की मुंबई के एसवीरोड पर स्थित विले पार्ले स्थित श्मशान घाट में अत्येष्टि की गई। उनके पार्थिव शरीर को फूलों व मालाओं से सजी एंबुलेंस में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। परिवार के सदस्यों के अलावा कई करीब दोस्त व सेलिब्रिटीज आज सुबह निर्मल कपूर को अंतिम विदाई देने के लिए उनके घर पहुंचे और फिर शव यात्रा में शामिल हुए।

कपूर परिवार से अंतिम विदाई पर मौजूद रहे ये लोग

निर्मल कपूर को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचने वालों में अनिल कपूर, उनके भाई बोनी कपूर और संजय कपूर, अनिल की पत्नी सुनीता कपूर, संजय की पत्नी महीप कपूर, अर्जुन कपूर और सोनम कपूर सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल थे। दिवंगत दिग्गज अभिनेता शम्मी कपूर की पत्नी नीला देवी और अभिनेता अनुपम खेर सहित फिल्म बिरादरी की अन्य हस्तियां भी शोक अनुष्ठान में शामिल हुईं।

दुख की घड़ी में ये हस्तियां भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं

दिग्गज अभिनेत्री रानी मुखर्जी, एक्ट्रेस अनन्या पांडे, करण जौहर और जावेद अख्तर भी संकट की इस घड़ी में कपूर परिवार से मिलने पहुंचे। सभी ने निर्मल कपूर को श्रद्धांजलि दी। निर्मल कपूर के पोते अर्जुन कपूर एंबुलेंस के लिए रास्ता साफ करने के लिए भीड़ को हटाते हुए देखे गए। वहीं पोती बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर को भी एक काली कार में अंतिम संस्कार स्थल के लिए जाते देखा गया।

बोनी कपूर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया पोस्ट

बोनी कपूर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए एक पोस्ट में लिखा, 2 मई 2025 को, मां निर्मला कपूर ने शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उस समय परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे। उन्होंने बताया कि मां ने एक खुशहाल जीवन जिया और उनके तीन बेटे एक बेटी, तीन बहुएं, एक दामाद व ग्यारह पोते-और पोतियां हैं। इसके अलावा चार परपोते-परपोतियां हैं। मांग हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी।

दिवंगत फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर पत्नी थीं निर्मल कपूर

दिवंगत फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर की पत्नी निर्मल कपूर के चार बच्चे- अनिल कपूर, बोनी कपूर, बेटी रीना कपूर मारवाह और संजय कपूर हैं। इसके अलावा अर्जुन कपूर, सोनम कपूर, रिया कपूर, हर्षवर्धन कपूर, जान्हवी कपूर, अंशुला कपूर, खुशी कपूर और मोहित मारवाह पोते-पोतियां हैं। 1955 में सुरिंदर कपूर और निर्मल कपूर की शादी हुई थी।

यह भी पढ़ें: Vishnu Prasad Passes Away: साउथ इंडस्ट्री से दुखद खबर! मशहूर मलयालम एक्टर विष्णु प्रसाद का निधन