कहा, एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने पर सरकार का विशेष ध्यान
Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, स्थानीय सरकार और बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने एक बार फिर से उद्योगपतियों का आश्वासन दिया है कि प्रदेश सरकार उनकी हर समस्या का समाधान करने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि नई उद्योग नीति से उद्योगपतियों को आवश्यक रूप से लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सीएम भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में प्रदेश सरकार हर दिन उद्योगपतियों की भलाई के लिए योजनाएं बना रही है और उन्हें लागू कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने यह बातें पटियाला में आयोजित एमएसएमई की जिला स्तरीय बैठक के दौरान उद्योगपतियों के साथ बातचीत के दौरान कही। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
एक माह में लागू होगी इंडस्ट्रियल पार्क नीति
संजीव अरोड़ा ने यह भी घोषणा की कि पंजाब सरकार एक महीने के भीतर नई इंडस्ट्रियल पार्क नीति लागू करेगी, जिसके तहत राज्य में कम से कम 25 एकड़ क्षेत्र में फैले बड़े औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। इन पार्कों के विकास में उद्योगपति और रियल एस्टेट डेवलपर संयुक्त रूप से भाग लेंगे, जबकि निवेशक इन परियोजनाओं में निवेश के लिए पंजीकरण कर आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर सकेंगे। औद्योगिक विकास को और गति देने के लिए मंत्री ने कहा कि सरकार नई इंडस्ट्रियल पार्क नीति तैयार कर रही है, जो निजी क्षेत्र को औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इन पार्कों में बड़े और छोटे दोनों प्रकार के प्लॉट उपलब्ध होंगे।
उद्योगपतियों ने नई नीति पर जताया संतोष
बैठक के दौरान उद्योग विभाग के अधिकारियों ने सरकार की नई नीतियों की सराहना की और उद्योगपतियों ने भी संतोष व्यक्त किया। संजीव अरोड़ा ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चाहे फसलों को नुकसान हो या प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों को हानि उठानी पड़े, सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने नकली बीज बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बिजली क्षेत्र के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले सोलर प्रोजेक्ट्स के लिए 100 प्रतिशत आवंटन किया जाता था, लेकिन अब बिजली बोर्ड स्वयं टेंडर जारी कर रहा है और इसमें काफी सफलता मिल रही है। मंत्री ने आगे कहा कि नई औद्योगिक नीति 2026 के तहत फिल्म स्टूडियो, अस्पताल और होटल जैसे कई नए क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। विशेष रूप से एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है क्योंकि यह औद्योगिक विकास की रीढ़ है।
ये भी पढ़ें : Punjab News : पंजाब के हर नागरिक को मिलेगा स्वास्थ्य कार्ड : डॉ. बलबीर सिंह


