20 साल के युवक का शव जंगल में अधजली हालत में मिला, तो वेटर का काम करने वाले युवक की गला रेतकर हत्या

Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। दो दिन पहले दिल्ली के बवाना इलाके में घर से सैर करने निकले व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसकी पहचान पहचान दीपक (43) के रूप में हुई है। इस हमले में दीपक की बेटी घायल हो गई थी। वहीं अब नरेला में 20 साल के युवक का शव जंगल में मिला। हत्या करने के बाद उसके शव को जलाने की कोशिश की गई थी।

वहीं एक दूसरे मामले में नरेला औद्योगिक क्षेत्र इलाके में वेटर का काम करने वाले युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव कमरे में मिला। घटना के बाद से युवक का दोस्त गायब है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि नरेला पुलिस को भारत माता स्कूल के पीछे जंगल में युवक का अधजला शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पुलिस ने देखा कि शव से करीब 150 मीटर आगे उसकी बुलेट बाइक पड़ी है।

कपिल ने दी थी 12वीं की परीक्षा

शव आंशिक रूप से जली हुई हालत में था। युवक की शिनाख्त कपिल दहिया (20) के रूप में हुई। वह अपने पिता महिपाल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ स्वतंत्र नगर में रहता था। कपिल ने ओपन से 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी, जिसमें कम्पाटमेंट आया था। शुरूआती जांच में पता चला है कि कपिल का कुछ दिन पहले इलाके में रहने वाले कुछ लड़कों से झगड़ा हुआ था। पुलिस आशंका जता रही है कि रंजिश में उसकी हत्या की गई है।

घर में सो रहे सुनील का गला रेता

नरेला औद्योगिक क्षेत्र के होलंबी कला इलाके में अपने घर में सो रहे युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसकी शिनाख्त दरभंगा, बिहार निवासी सुनील मंडल (30) के रूप में हुई है। शुरूआती जांच में पता चला कि मृतक के साथ रह रहा उसका दोस्त वारदात के बाद से गायब है। पुलिस को दोस्त पर हत्या करने का शक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि युवक का शव बिस्तर पर पड़ा था। उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली में 4 जुलाई से होगा कृत्रिम बारिश का ट्रायल