Naraingarh News | आज समाज नेटवर्क | नारायणगढ़ । एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एनीमिया मुक्त हरियाणा कार्यक्रम के तहत बुधवार को नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ के रूम नंबर-33 में एक जांच कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में 46 लोगों का हीमोग्लोबिन (एचबी) टेस्ट किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएमओ डॉ. राकेश सैनी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में एनीमिया की पहचान और उपचार के लिए नियमित रूप से जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी एचबी जांच करवा सकें और समय रहते उचित उपचार प्राप्त कर सकें।
हरियाणा को एनीमिया मुक्त बनाना स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य
डॉ. नितीश शर्मा ने बताया कि एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश को एनीमिया से मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि विशेषकर महिलाओं, बच्चों और किशोरियों में एनीमिया की पहचान कर समय पर उपचार दिया जाना अत्यंत आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे इन जांच शिविरों में भाग लें और एनीमिया की स्थिति का समय रहते पता लगवाकर आवश्यक उपचार करवाएं। इस अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर पालिका, शिक्षा विभाग आदि विभागों के साथ ही जनसहयोग की अहम भूमिका है।
Ambala News : सेंट्रल फीनिक्स क्लब में लॉयंस क्लब अंबाला होस्ट की हुई बैठक