
- पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित विनोद शर्मा ने अंबाला में भाजपा मेयर प्रत्याशी के पक्ष में झोंकी ताकत, विकास के नाम पर मांगे वोट\
- सीएम नायब सैनी की मेहनत व सेवा भाव के बदौलत अंबाला, पंचकूला व सोनीपत में भाजपा पूर्ण बहुमत से निगम में सरकार बनाएगी : शर्मा
Ambala News(आज समाज नेटवर्क) अंबाला। हरियाणा की राजनीति के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित विनोद शर्मा शुक्रवार अंबाला नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मेयर पद की प्रत्याशी अक्षिता सैनी के निवास पर पहुंचे। यहां पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं व उनके पुराने साथियों सहित जनता ने फूलमालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
चुनाव प्रचार के दौरान पंडित विनोद शर्मा ने कहा कि अंबाला का भविष्य और यहां के बुनियादी ढांचे का सुधार केवल एक मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार ही कर सकती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने के कारण “डबल इंजन” की शक्ति का लाभ शहर को मिल रहा है। वहीं यदि नगर निगम में भी भाजपा का मेयर चुना जाता है, तो ट्रिपल इंजन सरकार के नेतृत्व में विकास कार्यों के लिए फंड और योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई बाधा नहीं आएगी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समर्पित भाव से पूरे हरियाणा के लोगों की सेवा कर रहे हैं
लोगों के चेहरों पर जो उत्साह है उससे स्पष्ट होता है कि भाजपा पूर्ण बहुमत से अंबाला निगम में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का जोश बता रहा है कि मेयर व सभी पार्षद भाजपा के बनेंगे और सभी रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत दर्ज करेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समर्पित भाव से पूरे हरियाणा के लोगों की सेवा कर रहे हैं। वह समाज के हर वर्ग व हर हिस्से को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
उनकी इसी मेहनत की बदौलत आने वाले नगर निगम चुनाव में अंबाला, सोनीपत व पंचकूला तीनों जगह भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने आगे कहा कि तीनों जगह चुनाव में नतीजे पश्चिम बंगाल से भी बेहतर होंगे। उन्होंने सभी साथियों से अपील करते हुए कहा कि पूरे अंबाला में भाजपा के सभी प्रत्याशियों को अधिक से अधिक मतों से जिताएं ताकि अंबाला का विकास लगातार तेजी से हो सके और अक्षिता सैनी को पूरे हरियाणा से नंबर-1 मेयर बनाकर भाजपा को मजबूत करें।
पंडित विनोद शर्मा ने हमेशा अंबाला के हितों की लड़ाई लड़ी
पंडित विनोद शर्मा का अंबाला से पुराना और गहरा नाता रहा है। प्रचार के दौरान उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि उन्होंने हमेशा अंबाला के हितों की लड़ाई लड़ी है, चाहे वह रोजगार का मुद्दा हो या क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने की बात। उन्होंने कहा, “मेरा मकसद केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। भाजपा प्रत्याशी की जीत मेरी व्यक्तिगत जीत होगी क्योंकि इससे मेरे शहर के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
पंडित विनोद शर्मा के चुनाव मैदान में उतरने से भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। उनके साथ भारी संख्या में समर्थक और स्थानीय नेता घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव के आखिरी कुछ दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को हर घर तक केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का संदेश पहुंचाना चाहिए।
जनता का मिला भारी समर्थन
प्रचार के दौरान पंडित विनोद शर्मा का स्वागत फूलों की वर्षा और गर्मजोशी के साथ किया गया। स्थानीय निवासियों, विशेषकर युवाओं और बुजुर्गों में उनके प्रति विशेष लगाव देखा गया। जनसभाओं में उमड़ रही भीड़ इस बात का संकेत दे रही है कि पंडित शर्मा का प्रभाव चुनाव परिणामों को काफी हद तक भाजपा के पक्ष में मोड़ सकता है।
पंडित विनोद शर्मा ने अंत में विश्वास जताया कि अंबाला की प्रबुद्ध जनता विकास, सुशासन और पारदर्शिता को चुनते हुए भारी मतों से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाएगी। उनके इस सक्रिय प्रचार ने अंबाला की सियासी सरगर्मी को चरम पर पहुंचा दिया है। इस दौरान वार्ड-11 से भाजपा प्रत्याशी कविता सैनी, अजय निकुंज चावला, भाजपा नेता हरपाल सिंह कंबोज, पवित्र सिंह बाजवा, स्वर्ण सैनी, राजेश्वर सैनी, परमजीत सिंह, सरबजीत सिंह, राकेश मेहता सहित अन्य उपस्थित रहे।

