मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों के अनुकरणीय योगदान को याद किया
Punjab CM News (आज समाज), संगरूर : पंजाब और पंजाबियों की सेवा करना। पंजाब को दोबारा से रंगला पंजाब बनाना और इसे प्रगति की बुलंदियों पर पहुंचाना ही मेरा मकसद है और मेरा राजनीति में आने का मुख्य उद्देश्य है। यह कहना है प्रदेश के सीएम भगवंत सिंह मान का जो शहीद भगत सिंह ढढोगल की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान सभा को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मान ने कहा कि इस पवित्र धरती को महान गुरुओं, संतों-महापुरुषों, पीरों और शहीदों का आशीर्वाद प्राप्त है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाबियों में कठिन परिश्रम करने का अमिट जज्बा है, जिसके कारण उन्होंने हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में सामाजिक रिश्तों की डोर इतनी मजबूत है कि इस उपजाऊ जमीन पर कुछ भी उगाया जा सकता है, लेकिन नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता।
पंजाबियों ने हमेशा जुल्म और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब महान गुरुओं, संतों और पैगंबरों की पवित्र धरती है, जिन्होंने हमें आपसी प्रेम और सहिष्णुता का मार्ग दिखाया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाबियों ने हमेशा प्रेम और सद्भावना को मजबूत करते हुए जुल्म, अन्याय और अत्याचार का विरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए बड़े प्रयास कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक नागरिक को आजादी का लाभ मिल सके।
आजादी के साढ़े सात दशक बीत जाने के बाद भी लोग मायूस
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के साढ़े सात दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आजादी का लाभ हर घर तक नहीं पहुंचा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों ने नशीले पदार्थों जैसे चिट्टे को फैलाने, लोगों को लूटकर धन इकट्ठा करने, भ्रष्टाचार की गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसी गतिविधियों के लिए आजादी का दुरुपयोग किया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि शहीदों के सपने अभी तक पूरे नहीं हुए हैं क्योंकि इन लोगों ने इसके लिए कभी कोई ठोस प्रयास नहीं किए।
ये भी पढ़ें : Chandigarh News Update : उपभोक्ताओं को 3.3 करोड़ से अधिक के इनाम दिए : चीमा