Murder in broad daylight in Greater Noida(आज समाज नेटवर्क) ग्रेटर नोएडा। लुक्सर गांव में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब जेल से जमानत पर छूटे एक युवक की घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार, इकोटेक-1 थाना क्षेत्र के लुक्सर गांव निवासी नितिन नागर (पुत्र फिरे सिंह) दोपहर में अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी गांव का ही सचिन नामक युवक अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने अचानक नितिन पर फायरिंग शुरू कर दी।गोली लगते ही नितिन ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही कदम चलते ही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। परिजन और ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। कुछ समय पहले नितिन एक मामले में जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते बदला लेने की नीयत से हत्या की गई।
तीन टीमें गठित, आरोपियों की तलाश तेज
सुधीर कुमार (एडिशनल डीसीपी, ग्रेटर नोएडा) ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की बात कह रही है।


