MI vs GT Match Highlights : चार हार के बाद मुंबई को मिली जीत

0
330
MI vs GT Match Highlights : चार हार के बाद मुंबई को मिली जीत
MI vs GT Match Highlights : चार हार के बाद मुंबई को मिली जीत

एकतरफा मैच में गुजरात को 99 रन से हराया, तिलक वर्मा का शतक

MI vs GT Match Highlights (आज समाज), खेल डेस्क : सितारों से सजी मुंबई इंडियन टीम के लिए आईपीएल 2026 अभी तक ज्यादा अच्छा नहीं बीता है। मुंबई इंडियन की वर्तमान टीम में चार भारतीय कप्तानों सहित कुल पांच ऐसे खिलाड़ी है जो अंतरराष्टÑीय स्तर पर अपने देश के लिए कप्तानी कर चुके हैं या फिर कर रहे हैं। यही कारण है कि पिछे लगातार चार मैच में मुंबई की हार पर विशेषज्ञों ने टीम मैनेजमेंट पर उंगली उठानी शुरू कर दी थी।

लेकिन बीती रात मुंबई इंडियन की टीम ने जीत की राह पर लौटते हुए गुजरात को 99 रन से हरा दिया। इससे जहां टीम का आत्मविश्वास बड़ा होगा वहीं प्वाइंट टेबल में भी टीम की स्थिति में जरूर सुधार हुआ है। मुंबई की टीम अब आने वाले मैचों में इसी प्रदर्शन को जारी रखते हुए जीत का सिलसिला कायम रखना चाहेगी।

तिलक वर्मा की शतकीय पारी रही निर्णायक

तिलक वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों के अंतर से मात दी। सोमवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक की 101 रनों नाबाद पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए।

जवाब में गुजरात की टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन ही बना सकी और आॅलआउट हो गई। लगातार चार मैचों में हार के बाद यह मुंबई की पहली जीत है। वहीं, मौजूदा सत्र की दूसरी जीत के साथ हार्दिक पांड्या के नेतृत्व वाली टीम ने चार अंकों के साथ अंक तालिका में छलांग लगाकर सातवां स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, गुजरात फिलहाल छह अंकों के साथ छठे पायदान पर बनी हुई है।

शुरुआत में लड़खड़ाई मुंबई की पारी

मैच के दौरान टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई इंडियन की एक बार फिर से शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसे 10 रन पर पहला झटका लगा। जबकि छह ओवर के अंदर उसके सूर्य कुमार यादव सहित तीन खिलाड़ी 44 रन पर पैविलियन लौट चुके थे। इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने टीम को संभाला। धीर ने जहां 33 गेंद पर 45 रन की पारी खेली तो वहीं तिलक वर्मा 45 गेंद पर 101 रन बनाकर नाबाद रहे।