MP Karthikeya Sharma: जींद में माता जयंती देवी मंदिर में कन्या पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा

0
706
MP Karthikeya Sharma: जींद में माता जयंती देवी मंदिर में कन्या पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा
MP Karthikeya Sharma: जींद में माता जयंती देवी मंदिर में कन्या पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा

मंदिर में शेड के निर्माण के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की
MP Karthikeya Sharma, (आज समाज), जींद: हरियाणा के जींद स्थित ऐतिहासिक माता जयंती देवी मंदिर में शनिवार को आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने माता जयंती देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण हेतु 11 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर 11,000 कन्याओं एवं माताओं का विधिवत पूजन, सम्मान एवं भोज संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि माता जयंती देवी मंदिर आस्था के साथ-साथ भारत की प्राचीन परंपराओं और इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि मान्यताओं के अनुसार महाभारत काल में पांडवों ने इसी सिद्धपीठ में माता रानी से विजय का आशीर्वाद प्राप्त किया था और आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कन्या पूजन का आयोजन किया जा रहा है।

कन्या पूजन सनातन परंपरा का अभिन्न अंग

उन्होंने कहा कि कन्या पूजन सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है, जिसमें बेटियों को शक्ति और सम्मान का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ा पुण्य कार्य बताया। इस अवसर पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने माता जयंती देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण हेतु 11 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की। नमो शक्ति रथ अभियान का उल्लेख करते हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि आगामी समय में मंदिर परिसर में महिलाओं के लिए मुफ्त स्तन कैंसर जांच की व्यवस्था की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य जागरूकता को सामाजिक और धार्मिक आयोजनों से जोड़ा जा सके।

जनहितकारी होगा बजट

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों पर जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि एक फरवरी को प्रस्तुत होने वाला केंद्रीय बजट महत्वपूर्ण है और उन्हें उम्मीद है कि यह जनहितकारी होगा, जिसका लाभ मध्यम वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा कृषि कार्यों से जुड़े परिवारों को मिलेगा। शिक्षा से जुड़े एक प्रश्न पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यूजीसी से संबंधित विषय वर्तमान में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के विचाराधीन है, ऐसे में इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। ग्रामीण रोजगार से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसरों में विस्तार जैसे कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना ही समग्र विकास का आधार

कार्यक्रम के अंत में सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना ही समग्र विकास का आधार है। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने सांसद कार्तिकेय शर्मा का जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान सांसद कार्तिकेय शर्मा ने पूरी शिद्दत से लोगों की बातें सुनीं और सलाहियत व आत्मीयता के साथ आश्वस्त किया। कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने सांसद शर्मा की कार्यशैली की काफी तारीफ की और लोगों ने जिंदाबाद के नारे लगाए।