अगले कुछ दिन प्रदेश में अच्छी बारिश के नहीं बन रहे आसार
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : इस साल पंजाब में मानसून सामान्य से अधिक बरसा है। जिससे किसानों के साथ-साथ अन्य सभी के चेहरों पर भी चमक दिखाई दी। लेकिन अब पंजाब में मानसून कुछ सुस्त पड़ गया है। पिछले दो दिन से प्रदेश में ज्यादा बारिश देखने को नहीं मिली। इसके साथ ही धूप निकलने से तापमान में तेजी से वृद्धि हुई। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 4 डिग्री से ज्यादा वृद्धि देखने को मिली है। इसके साथ ही प्रदेश का तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। पंजाब में बठिंडा सबसे ज्यादा गर्म रहा और यहां का तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यह संभावना जताई
भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा के विशेषज्ञों ने यह संभावना जताई है कि आने वाले चार से पांच दिन पंजाब में शुष्क रहने वाले हैं। प्रदेश में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश की संभावना तो है लेकिन अच्छी बारिश की कोई गुंजाइश नहीं बन रही। इसके साथ ही तापमान में बढ़ोतरी भी होगी और उमस लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार बीते दिनों बारिश न होने के कारण तापमान में उछाल देखने को मिला है। बठिंडा में तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया है। अमृतसर का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री, लुधियाना में 35 डिग्री, पटियाला में 34.5 डिग्री, पठानकोट में 34.1 डिग्री तापमान में दर्ज किया गया है।
अभी तक अच्छा रहा है मानसून सीजन
पंजाब में इस मानसून सीजन के दौरान सामान्य से 23 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग अनुसार 1 जून से देश में हुई बारिश को मानसून के साथ जोड़ा जाता है। इस अनुसार राज्य में अभी तक 120.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इन दिनों में अभी तक 104.1 मिमी बारिश सामान्यता होती है। वहीं, राज्य में सबसे अधिक बारिश अमृतसर में दर्ज की गई है। यहां 201.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 101 मिमी से 100 फीसदी अधिक है। वही, लुधियाना में अभी तक 189 मिमी, तरनतारन में 173.8 मिमी और फरीदकोट में 155.9 मिमी बारिश बारिश दर्ज की गई है। जबकि कपूरथला में मानसून सबसे कमजोर है। यहां मात्र 37.2 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 63 फीसदी कम है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : विदेश नीति पर बात करना हमारा अधिकार : मान
ये भी पढ़ें : Chandigarh News : पंजाब के हितों से समझौता नहीं करेंगे : अमन अरोड़ा