• हिमाचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 सितंबर तक भारी वर्षा
  • जम्मू-कश्मीर में 7 दिन हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान
  • राजस्थान में अगले पांच दिन तक भारी बारिश की संभावना

North India Weather Update, (आज समाज), नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के अलावा हरियाणा-पंजाब व उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मानसूनी बारिश की दुश्वारियां अब भी जारी हैं। मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब व दिल्ली में अभी और बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी ने आज के लिए भी उत्तर भारत के कई इलाकों में येलो और रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 8 सितंबर तक भारी वर्षा की संभावना है। राजस्थान में अगले पांच दिन भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में भी बारिश के कारण जनजीवन बाधित है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 4 दिनों और बारिश होगी।

सतलुज व तवी में बाढ़ को लेकर पाकिस्तान को अलर्ट किया

जम्मू-कश्मीर में सात दिन तक हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है। कई इलाकों में बाढ़ का खतरा है। घाटी में लगातार बारिश की वजह से पहाड़ियों से भारी कीचड़ व पत्थर गिर रहे हैं, जिसके कारण सड़कें बाधित हैं। भारी बारिश के कारण उफनाती नदियों को देखते हुए भारत ने पाकिस्तान को सतलुज व तवी में बाढ़ को लेकर अलर्ट किया है।

जलभराव के चलते कई जगह स्थिति विकराल

गाजियाबाद व नोएडा समेत पश्चिमी यूपी के अलावा दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा-पंजाब के अधिकतर इलाकों में जलभराव के चलते स्थिति लगातार विकराल होती जा रही है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन आदि की घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई है।

पंजाब : 23 जिलों के कुल 3.5 लाख लोग प्रभावित

पंजाब के 10 से ज्यादा जिले बीते करीब दस दिन से बाढ़ की चपेट में हैं और सेना व एनडीआरएफ कई बचाव दल राहत कार्यों में जुटे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों को ‘रेड’ अलर्ट पर रखा था। पंजाब में बर्षाजनित हादसों में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 23 जिलों के कुल 3.5 लाख लोग प्रभावित हैं। गुरदासपुर सबसे ज्यादा प्रभावित है। हरियाणा व पंजाब में अधिकतर जगहों के अलावा चंडीगढ़, शिमला, दिल्ली-एनसीआर व जम्मू-कश्मीर सहित कई जगह आज एहतियातन स्कूलों को बंद रखा गया है।

हिमाचल : सुंदरनगर में मकान ढहा, 6 लोग मरे, 4 जिलों में अलर्ट

हिमाचल में आठ सितंबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। एहतियातन अधिकतर जिलों में शिक्षण संस्थानों में छुट्टी कर दी गई है। मंडी जिले के सुंदरनगर में भारी भूस्खलन से दो मकान ध्वस्त हो गए और हादसे में छह लोग मारे गए हैं। राज्य के चार जिलों मंडी, कांगड़ा, किन्नौर व सिरमौर में कुछ जगहों पर आज भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी है। वहीं ऊना और बिलासपुर के लिए येलो अलर्ट जारी है। राज्य की कुल 1,337 सड़कें अवरुद्ध हैं।

उत्तराखंड : 24 घंटे अहम, भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड के लिए भी अगले 24 घंटे बेहद अहम हैं। नैनीताल व राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट राज्य की राजधानी देहरादून, उधम सिंह नगर व नैनीताल में पहले ही मूसलाधार बारिश हुई है। सभी बड़ी नदियां उफान पर हैं। हरिद्वार व ऋषिकेश में गंगा खतरे के निशान के करीब आ गई है।

उत्तर भारत में जोरदार बारिश का कारण मानसून की प्रणाली

मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उत्तर भारत में लगातार बारिश का कारण मानसून की प्रणाली है। उन्होंने बताया है कि औसत समुद्र तल पर मानसून की ट्रफ रेखा सामान्य स्थिति के करीब है। दक्षिणी हरियाणा में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण है। उत्तरी कश्मीर से उत्तर पश्चिम एमपी तक मानसून की एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। वहीं पंजाब व पाकिस्तान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के कारण वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, जो मानसूनी हवाओं से टकराने से भीषण बारिश उत्पन्न कर रहा है।

ये भी पढ़ें : North India Monsoon: बाढ़ से बेहाल हिमाचल-पंजाब, कई दुधारू पशु भी बने काल का ग्रास, हरियाणा भी अलर्ट पर