पानीपत, अंबाला और यमुनानगर में हो रही बारिश, तापमान में आई गिरावट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज पूरे हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। आज सुबह से प्रदेश के तीन जिलों पानीपत, अंबाला और यमुनानगर में बारिश हो रही है। हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर और कुरुक्षेत्र में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 8 जिलों अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत व सोनीपत में तेज बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग का कहना है कि अब पूरे प्रदेश में मानसून एक्टिव हो चुका है। बारिश का यह दौर कई दिनों तक जारी रहेगा। रविवार को मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर किया था। इसके बाद 16 जिलों में जमकर बारिश हुई। बारिश की वजह से रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 3 डिग्री कम रहा। वहीं ओवरआॅल तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे पहुंच गया है।

बारिश से हुए हादसों में अब तक 3 मौतें

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में रविवार सुबह बारिश से मकान की छत गिर गई। घर में दंपती सो रहे थे, जिससे पत्नी सोमा देवी (55) की मौत हो गई, जबकि उनके पति मिया राम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं फरीदाबाद में शनिवार को बारिश की वजह से बिजली की तार टूटकर सड़क पर गिर गई। इस तार की चपेट में स्कूटी सवार 2 महिलाएं आ गईं। इनमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर है।

मृतका की पहचान तृष्णा विश्वास (42) के रूप में हुई है। पंचकूला में शनिवार को तेज बारिश से नाला उफान पर आ गया। इस दौरान पिंजौर की विश्वकर्मा कॉलोनी में 9 साल की बच्ची की चप्पल नाले में गिर गई। बच्ची चप्पल निकालने नाले में गई तो वह तेज बहाव में बह गई।