Monsoon Reaches Kerala, (आज समाज), नई दिल्ली: दक्षिण पश्चिम मानसून (Southwest Monsoon) ने तय समय से 8 दिन पहले केरल में दस्तक दे दी है। इससे पहले 2009 में मानसून ने समय से पहले दस्तक दी थी। तब 23 मई को यह केरल पहुंचा था। मतलब अबकी मानसून का आगमन 16 वर्ष बाद सबसे जल्दी हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के लिए सभी अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो गई थीं।

दो दिनों से केरल के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश

दो दिनों से केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। आगे बढ़ते मानसून सिस्टम और कम दबाव वाले क्षेत्र के संयोजन की वजह से यह हो रहा है। आईएमडी ने इस वर्ष मानसून सीजन में सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान लगाया है। विभाग ने अल नीनो की स्थिति की संभावना खारिज कर है। अल नीनो की वजह से भारतीय उपमहाद्वीप में सामान्य से कम बारिश होती है।

अक्सर एक जून तक केरल पहुंचता है मानसून

बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आम तौर पर एक जून तक केरल पहुंचता है। इसके बाद आठ जुलाई तक यह देश को कवर कर लेता है। मौसम अधिकारियों के अनुसार लगभग दो महीने बाद 17 सितंबर के आसपास मानसून उत्तर पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू हो जाता है। इसके बाद 15 अक्टूबर तक यह पूरी तरह से वापस चला जाता है।

1918 में मानसून 11 मई को केरल पहुंच गया था

सबसे पहले वर्ष 1918 में मानसून 11 मई को ही केरल पहुंच गया था। वहीं 1972 में इसने सबसे देरी से 18 जून को केरल में दस्तक दी थी। बीते 25 साल में 2016 में मानसून सबसे देरी से आया था। तब 9 जून को इसने केरल में दस्तक दी थी। बता दें कि 2024 में मानसून ने 30 मई को दक्षिण भारत में दस्तक दी थी। वहीं 2023 में यह 8 जून को, 2022 में 29 मई को और 2021 में 3 जून को केरल पहुंचा था। 2020 में 1 जून को, 2019 में 8 जून को और 2018 में मानसून ने 29 मई को केरल में दस्तक दी थी।

दक्षिणी भारत: इन राज्यों में 29 तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दक्षिणी भारत के तटीय-दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और कोंकण व गोवा में अलग-अलग जगहों पर भारी से भारी वर्षा की संभावना जताई है। दक्षिण कोंकण तट के पास पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक दबाव बना है और आज सुबह यह रत्नागिरी से करीब 40 किमी उत्तर-पश्चिम में स्थित था। इसके पूर्व की ओर बढ़ने की उम्मीद है।  अधिकारियों ने कहा है कि केरल और तटीय कर्नाटक में 29 मई तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हवाएं भी चलेंगी। वहीं तेलंगाना, आंध्र प्रदेश व तमिलनाडु में भी आने वाले पांच दिन में छिटपुट बारिश या गारज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : Weather: देश के कई राज्यों में बारिश व आंधी-तूफान का कहर, नौतपा से पहले कई जगह हीटवेव की मार