Mohali ED Raid: छापेमारी के दौरान नौवीं मंजिल से नीचे फेंके पैसों से भरे बैग

0
171
Mohali ED Raid
Mohali ED Raid: छापेमारी के दौरान नौवीं मंजिल से नीचे फेंके पैसों से भरे बैग

Mohali ED Raid, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को पंजाब के मोहाली जिले में खरड़ के पास छज्जू माजरा स्थित रिहायशी सोसाइटी ‘वेस्टर्न टावर्स’ में छापा मारा और इस दौरान कथित तौर पर इमारत की नौवीं मंजिल के एक फ्लैट से पैसों से भरे बैग नीचे फेंके गए। ईडी के सूत्रों के अनुसार छापा छज्जू माजरा स्थित ‘वेस्टर्न टावर्स’ के फ़्लैट नंबर 906 में मारा गया। तलाशी अभियान के दौरान, कथित तौर पर पैसों की गड्डियों से भरे दो बैग इमारत से नीचे फेंक दिए गए।

मोहाली और चंडीगढ़ में कुल 12 जगह छापे

सूत्रों ने बताया कि मोहाली और चंडीगढ़ में कुल 12 जगह छापे मारे गए। इनमें कई बिल्डरों और हाउसिंग प्रोजेक्ट्स के दफ़्तरों के साथ-साथ नितिन गोहल के ठिकाने भी शामिल थे। नितिन गोहल को एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) का करीबी सहयोगी बताया जाता है। इन्हीं संस्थाओं के सिलसिले में ये छापे मारे गए थे।

बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी

आरोप है कि नितिन गोहल ‘ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी’ (जीएमएडीए) से ‘जमीन के इस्तेमाल में बदलाव’ (सीएलयू) के लाइसेंस हासिल करने में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी में शामिल था। साथ ही, उस पर जनता को ठगकर सैकड़ों करोड़ रुपए जमा करने का भी आरोप हैं।

नितिन गोहल की तलाश कर रही थी ईडी

ईडी के सूत्रों के अनुसार, सनटेक सिटी प्रोजेक्ट, इसके प्रमोटर अजय सहगल, और साथ ही एबीएस टाउनशिप्स प्राइवेट लिमिटेड, आॅल्टस बिल्डर्स’ और धीर कंस्ट्रक्शंस के ठिकानों पर छापे मारे गए। ईडी नितिन गोहल की तलाश कर रही थी, क्योंकि आरोप है कि उसने उन बिल्डरों की मदद की थी, जिन्होंने जीएमएडीए की फीस का भुगतान करने में डिफॉल्ट किया था। जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि कथित तौर पर उसने इन बिल्डरों के लिए राजनीतिक संरक्षण का इंतजाम किया था।

छापे बड़े अभियान का हिस्सा, पटियाला में भी तलाशी

खरड़ में चश्मदीदों ने दावा किया कि घटना के कुछ ही देर बाद सोसायटी के ग्राउंड फ्लोर पर 500 रुपए के नोटों के बंडल बिखरे देखे गए। जैसे ही ईडी अधिकारियों ने कैश के बैग अपने कब्जे में लिए, वहां के निवासी मौके पर जमा हो गए। बताया गया कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी कई घंटों तक फ्लैट के अंदर रहे। तलाशी की कार्रवाई के दौरान अपार्टमेंट कथित तौर पर अंदर से बंद था। कहा जा रहा है कि ये छापे एक बड़े अभियान का हिस्सा थे, जिसके तहत पटियाला में भी उन जगहों पर तलाशी ली जा रही थी, जिनका कथित तौर पर आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों से संबंध है।

चंडीगढ़ के सेक्टर 16 में एक घर पर छापा

सूत्रों के मुताबिक,ईडी की एक टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर 16 में एक घर पर छापा मारा। वहीं दूसरी टीम ने मोहाली में बीर दविंदर सिंह उर्फ ‘बीरू’ के ठिकानों पर तलाशी ली। सूत्रों का दावा है कि बीरू को एक वरिष्ठ राजनीतिक पदाधिकारी का करीबी माना जाता है। अधिकारियों ने छापों से जुड़े मामले की फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है। यही भी नहीं बताया गया है कि तलाशी के दौरान उन्हें कुछ बरामद हुआ है या नहीं।

यह भी पढ़ें : IPAC ED Raid Case Update: ईडी के काम में दखल न डालें ममता सरकार: सुप्रीम कोर्ट