कहा, प्रदेश सरकार का उद्देश्य पंजाब को खेलों में पुरानी शान वापस दिलाना
Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सरकार एक बार फिर से प्रदेश में खेलों का स्तर ऊंचा उठाने के लिए प्रयासरत्त है। सरकार का यह प्रयास है कि पंजाब को खेलों में खोई हुई पुरानी शान दोबारा वापस दिलाई जाए। इसके लिए प्रदेश सरकार ने एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।
इसके तहत पंजाब सरकार 23 जिलों के गांवों में 966 करोड़ रुपए की लागत से 3,117 आदर्श खेल के मैदान (मॉडल प्लेग्राउंड) बनाने जा रही है। कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने यह जानकारी दी। सौंद ने बताया कि इन खेल मैदानों का उद्देश्य केवल खेलों को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि गांव में सामाजिक और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाना भी है। परियोजना को अगले 6 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
किस जिले में कितने खेल मैदान बनाए जाएंगे
मंत्री सौंद ने बताया कि परियोजना के तहत अमृतसर में 194, बरनाला में 94, बठिंडा में 186, फरीदकोट में 91, फतेहगढ़ साहिब में 93, फाजिल्का में 123, फिरोजपुर में 121, गुरदासपुर में 198, होशियारपुर में 202, जालंधर में 168, कपूरथला में 107, लुधियाना में 257, मलेरकोटला में 57, मानसा में 119, मोगा में 144, पठानकोट में 58, पटियाला में 191, रूपनगर में 73, संगरूर में 186, एसएएस नगर (मोहाली) में 89, मुक्तसर साहिब में 134, तरनतारन में 138 और शहीद भगत सिंह नगर में 94 खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं।
खन्ना विधानसभा क्षेत्र के कुल 67 गांवों में से 30 गांवों में मॉडल खेल मैदान बनाए जा रहे हैं। इनमें भादला ऊंचा, बूथगढ़, गोह, मलकपुर, मानक माजरा, साहिबपुरा, भूमड़ी, चकोही, इकोलाही, कमाना, दैहडू, फैजगढ़, किशनपुर, पंजरुखा, तुरमरी, बीवीपुर, गंधुआं, कौरी, किशनगढ़, लल्हेड़ी, लिबड़ा, मेहंदीपुर, जसपालों, फतेहपुर, राजेवाल, रोहनो खुर्द, इसरू, नसराली और खटड़ा जैसे गांव शामिल हैं।
इतने आकार के होंगे नए खेल मैदान
मैदानों का आकार 0.35 एकड़ से 4.10 एकड़ तक है, और इनमें ओपन जिम, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी और क्रिकेट जैसी आधुनिक खेल सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। मंत्री सौंद ने बताया कि पंजाब की असली ताकत उसके गांव में है। यदि गांव मजबूत होंगे, तो पंजाब मजबूत होगा। ये खेल के मैदान सिर्फ़ खेल के लिए नहीं, बल्कि गांवों की आत्मा बनेंगे जहां बच्चे खेलेंगे, समाज जुड़ेगा और संस्कृति जीवित रहेगी।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : आने वाले दिनों में बढ़ सकता है वायु प्रदूषण