उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व मैदानी हिस्सों में शीत लहर की संभावना
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : जैसे-जैसे दिसंबर आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे उत्तर और पूर्वी भारत के ज्यादात्तर हिस्सों में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि राहत की खबर यह है कि ज्यादात्तर हिस्सों में यह ठंड शाम, रात और सुबह के समय ही महसूस की जा रही है। दिन के समय धूप खिलने से ठंड से राहत मिल रही है। हालांकि कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचे स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है और यहां पर झीलें जमने लगी हैं।
मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक कश्मीर, हिमाचल, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। झारखंड, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। कई राज्यों में पारा 0 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरे की संभावना बढ़ गई है।
पूर्वी राज्यों में छाएगा घना कोहरा
वहीं देश के पूर्वी राज्यों में 5 से 9 दिसंबर के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में 05 से 07 दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश में और 05 और 06 दिसंबर को ओडिशा में सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है।
हिमाचल, जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हिमाचल प्रदेश व जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है। इससे इन दोनों प्रदेशों में ठंड का असर बढ़ेगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ पहाड़ी राज्यों से आने वाली ठंडी हवाएं जब मैदानों तक पहुंचेंगी तो यहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में ठंड अपना प्रचंड रूप दिखाएगी।
कल मौसम रहेगा साफ, रविवार से फिर बिगड़ेगा
मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में शनिवार को मौसम साफ होने का अनुमान है, जबकि 7 दिसंबर को फिर बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। भाखड़ा डैम क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों के लिए शुक्रवार और शनिवार को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ हिमाचल में ताबो में तापमान -7.4 डिग्री सेल्सियस, कुकुमसेरी में -4, समदो में -3.9, कल्पा में -0.6, सोलन में 2.3, मनाली में 2.3, धर्मशाला में 5.8 और शिमला में 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।