Haryana Weather Update : हरियाणा में पारा 46 डिग्री पार, कल से राहत के आसार

0
102
Haryana Weather Update : हरियाणा में पारा 46 डिग्री पार, कल से राहत के आसार
Haryana Weather Update : हरियाणा में पारा 46 डिग्री पार, कल से राहत के आसार

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बदलेगा मौसम, कई जिलों में आंधी व बारिश का अलर्ट

Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : नौतपा का असर हरियाणा में पूरी तरह से दिखाई दे रहा है। प्रदेश में गर्मी और लू ने लोगों को हलकान किया हुआ है। दिनभर चिलचिलाती गर्मी और लू के चलते तापमान लगातार बढ़ रहा है। जिससे प्रदेश के कई जिले हीटवेव की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि मौसम विभाग ने इस भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद जताई है।

इसी बीच बुधवार को प्रदेश में रोहतक 46.6 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म आंका गया। इसके साथ ही कई अन्य जिलों का तापमान भी 45 डिग्री के ऊपर या फिर इसके आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को गुरुग्राम, पानीपत सहित 10 जिलों में धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया है। कल पंचकूला और अंबाला सहित कई जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के ये चार जिले रहे सबसे ज्यादा गर्म

हरियाणा के 4 प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान बुधवार को 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया है। रोहतक का तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो हरियाणा में सबसे अधिक रहा। वहीं नारनौल का पारा 45.5 डिग्री, हिसार का 45.0 डिग्री और भिवानी का 45.0 डिग्री दर्ज किया गया है।

आज और कल इस तरह रहेगा प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग ने आज (गुरुवार) दक्षिण और पूर्वी हिस्सों के जिले जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में हीटवेव और धूलभरी आंधी को लेकर ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर और पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

आज से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा

दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र के कुछ भागों, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व और मध्य-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ व हिस्सों, अंडमान सागर के शेष भागों और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ चुका है। अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

ये भी पढ़ें : Punjab Weather Update : पंजाब-चंडीगढ़ में तेज हवा के साथ आसमान में छाए बादल

  • TAGS
  • No tags found for this post.