Massive fire breaks : गाजियाबाद की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में भीषण आग

0
54
Massive fire breaks out at electronics company in Ghaziabad

Uttar Pradesh News(आज समाज नेटवर्क ) गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कंपनी की तीन मंजिला इमारत इसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और करीब 10 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।

जानकारी के मुताबिक आग शाम करीब 4:30 बजे लगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी में लगी एनसी मशीन अचानक ज्यादा गर्म हो गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।बताया जा रहा है कि कंपनी में पंखे और लाइट जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाए जाते हैं।

दमकल और प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं

फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।हादसे के समय कंपनी में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि अंदर 20 से अधिक लोग फंसे हुए हैं। दमकल और प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि आग बुझाने के लिए शुरुआत में छह दमकल गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए गाजियाबाद के सभी फायर स्टेशनों से गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। इसके अलावा नोएडा, हापुड़ और बुलंदशहर से भी दमकल की गाड़ियां मंगाई गई हैं। फिलहाल करीब 25 दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं।प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कंपनी के आसपास खड़े अमोनिया गैस से भरे करीब 20 टैंकरों को भी हटवा दिया है। इन टैंकरों को करीब एक किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

कंपनी एनएच-24 से सटे इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित है। आग लगने की घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।