Massive Fire at Refined Oil Factory : करनाल की रिफाइंड तेल फैक्ट्री में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

0
260
Massive Fire at Refined Oil Factory in Karnal; Losses Worth Crores

Massive Fire at Refined Oil Factory(आज समाज नेटवर्क) करनाल। करनाल के मुनक गांव के पास गुरुवार दोपहर एक रिफाइंड तेल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। करनाल रोड स्थित इस फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक फैक्ट्री को भारी नुकसान हो चुका था।

बताया जा रहा है कि घरौंडा निवासी जयकिशन की “सावरियां ओवरसीज” नाम से यह फैक्ट्री है। आग लगते ही अंदर काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए।

भारी नुकसान की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में करोड़ों रुपये का बॉयलर, पराली के गट्ठे, पुरानी केबल और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। नुकसान का आंकड़ा करोड़ों में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

कारणों का नहीं चला पता

फैक्ट्री मालिक के मुताबिक आग लगने के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

जांच जारी

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम पहुंच गई थी और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देर तक आग बुझाने में जुटी रहीं।