लोगों की मदद के लिए एसडीआरएफ की टीमें तैनात
Markanda River Overflow, (आज समाज), कुरुक्षेत्र: हरियाणा में मारकंडा नदी ओवरफ्लो हो चुकी है। इस समय नदी में 31 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी बह रहा है। जोकि खतरे के निशान से उपर है। मारकंडा का खतरे का निशान 256 मीटर है, लेकिन पानी उससे 15 (प्वाइंट 15) मीटर ऊपर होकर चल रहा है। कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी से सटे 8 गांवों में पानी घुस चुका है। शहर से गांव को जोड़ने वाली सड़कें डूब चुकी है। प्रशासन ने आगामी आदेशों तक शिक्षण संस्थान बंद करने का फैसला किया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है।
जलबेहड़ा के पास मारकंडा से पानी ओवर होकर दीवार के ऊपर से बीबीपुर चैनल लिंक के जरिए झील की तरफ जा रहा है, जिस कारण 5 हजार एकड़ में खड़ी फसल पर खतरा मंडरा रहा है। एसडीआरएफ की टीमें लोगों की मदद के लिए तैनात है। इमरजेंसी में सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 01744-221035 भी जारी किया है।
इन गांवों में घुसा पानी
शाहाबाद के कठवा, मुगल माजरा, पट्टी जामड़ा, मलकपुर और गुमटी में खेतों के साथ सड़कें भी पानी में डूबी हुई है। यहां लोगों को पानी के बीच से होकर ही अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ रहा है। इसके अलावा तंगौर, अरूप नगर और मदनपुर के खेतों में भी पानी भर चुका है। हालात को देखते हुए शाहाबाद के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी अगले आदेश आने तक छुट्टी की गई है।
14 हजार एकड़ में खड़ी फसल डूबी, 200 लोगों ने धर्मशाला और मारकंडेश्वर मंदिर में ली शरण
शाहाबाद के इन गांवों के करीब 200 लोग अपने घर खाली करके धर्मशाला और मारकंडेश्वर मंदिर में शरण लिए हुए हैं। 14 हजार से ज्यादा एकड़ खेतों में जलभराव है। इससे यहां फसलें प्रभावित हो रही है, जबकि कठवा और मुगल माजरा में फसलें पूरी तरह से खत्म हो चुकी है।
कुरुक्षेत्र में बारिश से छत गिरी, 2 सगे भाइयों की मौत
कुरुक्षेत्र में शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी में एक मकान की छत ढह गई। हादसे में 2 सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। घायलों को बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया है।
पिहोवा में घग्गर ओवरफ्लो
उधर, पिहोवा में पंजाब के बॉर्डर एरिया में घग्गर नदी ओवरफ्लो होकर चल रही है। घग्गर के ओवरफ्लो होने से कुपियां प्लाट और अधोया गांव के खेतों में पानी भर गया है। हालांकि सड़कों पर पानी नहीं है। प्रशासन ने पिहोवा में भी अगले आदेश आने तक स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी में छुट्टी के आदेश जारी किए हैं।
पहाड़ों में आज भी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में आज के दिन बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। अगर सिरमौर, नाहन और काला अंब में बारिश हुई तो उसका सीधा असर मारकंडा नदी पर पड़ेगा। अभी काला अंब में मारकंडा में करीब 7 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। बारिश के बाद जलस्तर बढ़ना लाजिमी है।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में बारिश जारी, हथिनीकुंड बैराज के फ्लड गेट 63 घंटे से खुले