हिमाचल के काला अंब में बादल फटने से बढ़ा जलस्तर
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी उफान पर है। आज सुबह करीब 3 बजे हिमाचल के काला अंब में बादल फटने से नदी में जलस्तर में वृद्धि हुई है। कुरुक्षेत्र के शाहबाद में आज सुबह 8 बजे 25,218 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। मारकंडा नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने से आसपास के गांवों में पानी घुसने का खतरा मंडराने लगा है। यहां से पानी खेतों के रास्ते गांवों में घुस सकता है। इस कारण नदी से सटे गांव डरे हुए हैं। साल 2023 में आई बाढ़ ने काफी कुछ तबाह कर दिया था। वहीं अंबाला के हेमा माजरा गांव में नदी पर कोई बांध नहीं है। यहां पर भी पानी घुसने का खतरा बना हुआ है।

आज तड़के 3 बजे फटा बादल

काला अंब मारकंडा के गेज रीडर कश्मीरा के मुताबिक, आज तड़के करीब 3 बजे हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के काला अंब में बादल फट गया। जिस कारण मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

इन गांवों में पानी घुसने का खतरा ज्यादा

शाहाबाद के बाद नदी का पानी कठवा, कलसाना और गुमटी बेल्ट की ओर बढ़ेगा। इन इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने के पूरे आसार हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है, लेकिन लोगों में सरकारी तैयारियों को लेकर भारी नाराजगी है। गांववासियों का कहना है कि समय रहते बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में 1684 केंद्रों पर 2 दिन में हो सकता है सीईटी एग्जाम