दाखिला प्रक्रिया पूरी, खेल से जुड़े बिजनेस को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में लिया पढ़ाई करने का फैसला
Shooter Manu Bhaker, (आज समाज), रोहतक: ओलिंपिक में भारत के लिए पदक जितने वाली हरियाणवी शूटर मनु अब स्पोर्ट्स मैनेजमेंट की पढ़ाई करेंगी। शूटर मनु भाकर ने आगे की पढ़ाई के लिए रोहतक स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट आॅफ मैनेजमेंट (आईआईएम) में दाखिला ले लिया है। दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मनु यहां से पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट की पढ़ाई करेंगी। परिवार के अनुसार, मनु ने खेल के बाद इसी से जुड़े बिजनेस को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में आगे की पढ़ाई करने का फैसला लिया है।
मनु ने आईआईएम में एडमिशन लेने के लिए 2 नवंबर को अप्लाई किया था। इसके बाद 16 नवंबर को उनका टेस्ट कम इंटरव्यू हुआ। जिसके बाद ही पीडी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में उनका चयन हुआ है। टेस्ट के बाद 1 दिसंबर को उन्होंने एडमिशन प्रक्रिया पूरी की।
मूल रूप से झज्जर के गोरिया गांव की रहने वाली है मनु
मनु मूल रूप से झज्जर जिले के गोरिया गांव की रहने वाली हैं। उनकी स्कूली शिक्षा झज्जर के यूनिवर्सल स्कूल से हुई है। यह स्कूल उनके चाचा संचालित करते हैं। इसके बाद मनु ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस सब्जेक्ट में ग्रेजुएशन किया। उसके बाद चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में पोस्ट ग्रेजुशन किया है।
निशानेबाजी में पेरिस ओलिंपिक में जीता डबल ब्रॉन्ज मेडल
मनु ने 2024 के पेरिस ओलिंपिक में निशानेबाजी में डबल ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए थे। 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया था। वर्तमान में मनु का फोकस शूटिंग वर्ल्ड कप पर है, जो 2027-28 में भारत में ही होगा। वह इसकी तैयारी में जुटी हुई हैं।