कुछ दिन पहले ही कनाडा से लौटा है आरोपी, पुलिस ने बरामद की फॉर्च्यूनर गाड़ी
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : वृद्ध एथलीट को टक्कर मारने वाले आरोपी को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान करतारपुर के दासूपुर निवासी अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ दिन पहले ही कनाडा से लौटा है। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ के दौरान ही आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसकी गाड़ी की चपेट में एक बुजुर्ग आ गया था लेकिन उसे नहीं पता था कि वह फौजा सिंह है।
अमृतपाल ने बताया कि वह मुकेरियां साइड से अपना फोन बेच कर लौट रहा था। जब वह ब्यास पिंड के पास पहुंचा तो एक बुजुर्ग उनकी गाड़ी की चपेट में आया। उन्हें ये नहीं पता था कि बुजुर्ग फौजा सिंह हैं। जब देर रात खबरें आनी शुरू हुईं तो फौजा सिंह की मौत के बारे में पता चला। ज्ञात रहे कि फौजा सिंह को 14 जुलाई को गंभीर हालत में जालंधर के निजी अस्पताल में ले जाया गया था। वहां उन्होंने दम तोड़ दिया। अभी तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। परिवार के लोगों का कहना है कि उनके बेटे, बेटियां और अन्य रिश्तेदार कनाडा से आ रहे हैं। उनके आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
80 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया
पंजाब के जालंधर जिले के ब्यास पिंड में 1911 में जन्मे फौजा सिंह ने 80 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया था। 89 साल की उम्र में उन्होंने गंभीरता से दौड़ना शुरू किया। जब वह पहली बार ट्रेनिंग के लिए रेडब्रिज, एसेक्स पहुंचे, तो थ्री-पीस सूट पहनकर आ गए। कोच को उनकी पूरी तैयारी कराने के साथ उनके कपड़े भी बदलने पड़े। 90 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मैराथन दौड़ना शुरू किया। फौजा सिंह ने अपनी पहली दौड़ 2000 में लंदन मैराथन के रूप में पूरी की।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टर्बन टॉरनेडो के नाम से मशहूर हुए
अपनी कड़ी मेहनत और अदम्य साहस के चलते वे ‘टर्बन टॉरनेडो’ (पगड़ीधारी तूफान) के नाम से मशहूर हुए। 93 साल की उम्र में उन्होंने एक मैराथन 6 घंटे 54 मिनट में पूरी की, जो 90 से ऊपर की उम्र में दर्ज सर्वश्रेष्ठ समय से 58 मिनट बेहतर था। उन्होंने 2004 में 93 साल की उम्र में लंदन मैराथन पूरी की। उसी साल 2004 में वह एडिडास के एक विज्ञापन अभियान में डेविड बेकहम और मोहम्मद अली के साथ नजर आए। 94 साल की उम्र में उन्होंने 200 मीटर से 3000 मीटर तक की दौड़ों में ब्रिटेन के रिकॉर्ड तोड़े।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब में नशा तस्करी हर हाल में राकेंगे : सीएम