कल रखा जाएगा जन्माष्टमी का व्रत
Janmashtami Bhog Recipes, (आज समाज), नई दिल्ली: इस बार जन्माष्टमी का पर्व 16 अगस्त को मनाया जाएगा। गृहस्थ लोग 16 अगस्त को व्रत, उत्सव और पूजन करेंगे, क्योंकि गृहस्थ लोग भगवान के जन्म का उत्सव मनाते हैं। वहीं आज वैष्णव, सन्यासी या गुरु परंपरा धारण करने वाले लोग जन्माष्टमी मनाएंगे। वे आज के दिन ही व्रत रखेंगे। गृहस्थ लोग 16 अगस्त को व्रत रखेंगे।
इस दिन कृष्ण भगवान की विशेष पूजा की जाती है। अगर आप भी कान्हा को खुश करना चाहते हैं, तो उनके पांच सबसे प्रिय प्रसाद घर पर तैयार करें। माना जाता है कि श्री कृष्ण को खास पकवानों का भोग लगाने से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा आती है। इन रेसिपी को बनाना आसान है और इनका स्वाद हर किसी को भाएगा
1. पंचामृत
सामग्री:
- दूध-2 चम्मच
- दही-2 चम्मच
- शहद-1 चम्मच
- शुद्ध घी-1 चम्मच
- चीनी- स्वाद अनुसार
विधि: एक साफ कटोरी में सभी सामग्री डालें और अच्छी तरह मिला लें। अंत में तुलसी के पत्ते डालें। पंचामृत भगवान को अर्पित करने के लिए तैयार है। यह भोग पूजा में सबसे पवित्र और जरूरी माना जाता है।
2. माखन-मिश्री
सामग्री
- ताजा सफेद मक्खन- 1 कटोरी
- मिश्री- 2 चम्मच
विधि: अगर चाहें तो बाजार से मक्खन ले सकते हैं या फिर घर की मलाई से भी बना सकते हैं। नरम मक्खन में मिश्री मिलाकर तुलसी के पत्ते के साथ भगवान को चढ़ाएं। यह भोग कान्हा का सबसे प्रिय माना जाता है, क्योंकि बचपन में वे माखन चुराने के लिए मशहूर थे।
3. नारियल लड्डू
सामग्री
- सूखा नारियल- 2 कप
- कंडेंस्ड मिल्क- 1 कप
- इलायची पाउडर- 1/2 चम्मच
विधि: एक पैन में नारियल और कंडेंस्ड मिल्क डालकर धीमी आंच पर पकाएं। मिश्रण गाढ़ा होते ही इलायची पाउडर डालें। ठंडा होने पर छोटे-छोटे लड्डू बनाएं। यह मिठाई स्वाद में बेहद खास होती है और लंबे समय तक स्टोर की जा सकती है।
4. गोंद के लड्डू
सामग्री
- गोंद- 1/2 कप
- गेहूं का आटा- 1 कप
- घी- 1/2 कप
- पिसी चीनी- 3/4 कप
- कटे हुए मेवे- स्वाद अनुसार
विधि: कड़ाही में घी गरम कर गोंद को सुनहरा होने तक भून लें। दूसरी तरफ आटा भी घी में भून लें। अब दोनों को मिलाएं और पिसी चीनी व मेवे डालकर अच्छी तरह मिलाएं। ठंडा होने पर लड्डू तैयार कर लें, ये लड्डू सेहत के लिए भी लाभकारी होते हैं।
5. मेवा वाला दूध
सामग्री:
- ठंडा दूध- 1 कप
- चीनी- स्वाद अनुसार
- बादाम- 5-6 (कटे हुए)
- किशमिश- 1 चम्मच
- इलायची पाउडर- 1/4 चम्मच
विधि: दूध में चीनी, बादाम, किशमिश और इलायची मिलाएं। अच्छे से मिक्स करने के बाद इसे ठंडा ही भोग में अर्पित करें। यह पेय कान्हा को बेहद पसंद है और स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है।
ये भी पढ़ें : 16 अगस्त को मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी